निहोरा नगर के 50 घरों में घुसा पानी, बाढ़ प्रभावित 25 वार्डों का होगा सर्वे, गर्भवती महिलाओं की बनेगी लिस्ट

Ballia Flood News: बलिया में गंगा का जलस्तर बढ़ने से निहोरा नगर के करीब 50 घरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने निरीक्षण कर नाव, सर्वे और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
Ballia Flood Alert Ganga Water Level Rises, 50 Houses Affected
डीएम ने किया निरीक्षण(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Ballia Flood Affected Areas: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बलिया में बाढ़ की चिंता बढ़ा दी है। शहर के निहोरा नगर में बाढ़ का पानी करीब 50 घरों तक पहुंचने की सूचना पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और राजस्व कर्मियों से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली तथा राहत और बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

वार्ड नंबर 24 के करीब 50 घर प्रभावित

निरीक्षण के दौरान लेखपाल और कानूनगो ने जिलाधिकारी को बताया कि नगर के वार्ड नंबर 24 में करीब 50 घरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। वहीं वार्ड नंबर 11 में भी कुछ घर प्रभावित बताए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित वार्ड का विस्तृत सर्वे कराया जाए। सर्वे में यह स्पष्ट किया जाए कि कितने मकानों में पानी पहुंचा है, कितने घर सुरक्षित हैं और प्रभावित इलाकों में कितनी गर्भवती महिलाएं हैं। डीएम ने सर्वे रिपोर्ट मंगलवार शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों की शिकायत पर लेखपाल को चेतावनी नोटिस

निरीक्षण के दौरान ग्राम यारपुर के बाढ़ पीड़ितों ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि संबंधित लेखपाल क्षेत्र में निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रास्तों पर पानी भर जाने से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

Ballia Flood Alert Ganga Water Level Rises, 50 Houses Affected
Prayagraj: बाढ़ का खतरा बढ़ा; कानपुर बैराज से छोड़ा गया 3 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी, NDRF-PAC की टीमें तैनात

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने यारपुर के संबंधित लेखपाल को तत्काल चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नाव की व्यवस्था के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में तत्काल नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पानी से घिरे गांवों और मोहल्लों के लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।

उन्होंने कानूनगो को वजीरापुर गांव का भी विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए। सर्वे के दौरान गांव के कुल घरों की संख्या, पानी से प्रभावित मकान, गर्भवती महिलाओं की संख्या और घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने वाले लोगों की सूची तैयार की जाएगी।

नगर पालिका के सभी 25 वार्डों का होगा व्यापक सर्वे

डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में सर्वे कराकर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित लेखपाल नियमित रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं या नहीं।

सर्वे रिपोर्ट तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक राहत और आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाई जा सकें।

राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उन्हें आवश्यक राहत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य और राहत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एसडीएम सदर, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com