Bahraich Voilence: राम गोपाल की हत्या के मामले में अबतक 5 आरोपी अरेस्ट, एनकाउंटर में घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती

बहराइच में राम गोपाल की हत्या के आरोपी सरफ़राज़ और मोहम्मद तालीम पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गए है। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
bahraich hinsa
फाइल फोटो [स्रोत: सोशल मीडिया]
Published on: 
Updated on: 

लखनऊ: प्रदेश के बहराइच में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने एनकाउंटर किया है। मृतक राम गोपाल मिश्रा की हत्या के आरोपी रिंकू उर्फ सरफराज खान तथा मोहम्मद तालीम इस एनकाउंटर में बुरी तरह घायल हो गए थे, दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों आरोपी नेपाल भागने की कोशिश में थे।

घायल हुए दोनों आरोपियों का बहराइच मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार जब एनकाउंटर स्पॉट से पुलिसकर्मी सरफराज को ला रहे थे तो वह कह रहा था- सर गलती हो गई, हमें माफ कर दीजिए। इस एनकाउंटर में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैर में गोली मारी थी और उन्हें अरेस्ट किया था।

नेपाल सीमा के पास एनकाउंटर, मामले में 3 और गिरफ्तार

बताया जा रहा है, कि यह एनकाउंटर नेपाल बॉर्डर से लगभग 20 किमी पहले नानपारा कोतवाली क्षेत्र में हांडा बसेहरी नहर के पास हुआ। STF और बहराइच पुलिस सरफराज और तालीम को साथ लेकर डबल बैरल बंदूक और तमंचा बरामद कराने ले गई थी। आरोपियों पर पुलिस ने कमर के निचे फायर किया था और गोली पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

इधर, पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि, दोनों आरोपियों ने बंदूक और तमंचा लोडेड रखा था। उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया, लेकिन पुलिस ने पहले उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा। बाद में जवाबी कार्रवाई में सरफराज और तालीम को गोली लगी। साथ ही यूपी पुलिस ने गुरुवार को सरफराज के भाई फहीम, पिता अब्दुल हमीद और मोहम्मद अफजल को भी पकड़ा था। इन सभी से मामले को लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

बता दें, कि रामगोपाल की निर्मम हत्या के बाद उनकी पीएम रिपोर्ट में कई चौकाने वाले खुलासे हुए थे। आरोपियों ने रामगोपाल को तालिबानी तरीके से मारा था और हत्या करके फरार हो गए थे। इसके बाद से पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और अबतक इस मामले में पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को अरेस्ट किया है।