अखिलेश यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Akhilesh Yadav On BJP: सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ईद के मौके पर मीडिया से बात करते हुए देशवासियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि दुनिया में युद्ध भी खत्म होगा और उसके साथ ही खुशहाली भी आएगी। सपा सुप्रीम ने कहा कि प्रदेश में कोई कानून व्यवस्था नहीं बची है। इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए कहा कि ममता बनर्जी अकेले भी लडेंगी तब भी जीत जाएंगी।
अखिलेश यादव ने तीन जगहों की बात की और कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। साथ ही उन्होंने वाराणसी की उस घटना का भी जिक्र किया जिसमें छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। इसके अलावा उन्होंने गोरखपुर का भी जिक्र किया।
दरअसल, ऐसा बताया जा रहा है कि सीएम ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी के लिए ‘बेईमान’ शब्द का इस्तेमाल किया था। अब इसको लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी ने तो बेहद हल्का शब्द इस्तेमाल किया है यानी उनके मुताबिक बीजेपी के लिए इससे भी ज्यादा कड़े शब्द होने चाहिए थे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ममता बनर्जी अकेले चुनाव मैदान में उतरें, तो भी वह जीत हासिल कर सकती हैं। इस तरह उन्होंने ममता के प्रति अपना खुला समर्थन जताया।
अखिलेश यादव ने गंगा सफाई का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि गंगा मैया के नाम पर राजनीति करने वालों ने आखिर गंगा के लिए क्या किया? सफाई के नाम पर जो अरबों-खरबों रुपये खर्च हुए, वह कहां गए? उनका यह बयान सीधे तौर पर केंद्र सरकार पर निशाना था।
इसके साथ ही उन्होंने शंकराचार्य के लखनऊ दौरे का जिक्र करते हुए भाजपा नेताओं पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य के आगमन से पहले कई नेता बड़े-बड़े दावे कर रहे थे लेकिन उनके पहुंचते ही वही लोग नजर नहीं आए। अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कई लोगों की इच्छा थी कि यहां बाटी-चोखा खाएंगे लेकिन अब वह दोबारा ऐसा सोच भी नहीं पाएंगे।
यह भी पढ़ें: कॉल काटने पर बढ़ा दी रकम, इंदौर के व्यापारी को लॉरेंस गैंग के नाम से मिली धमकी; मांगे 15 करोड़
अखिलेश यादव ने ईद के मौके पर जनता के साथ ईद मनाकर देशवासियों को बधाई तो दी ही लेकिन साथ में उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए यह बता दिया कि 2027 के चुनाव में शंकराचार्य का मुद्दा, गंगा का मुद्दा और लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा वह जमकर उठाएंगे और भाजपा पर निशाना साधते रहेंगे।