'BJP चाहे तो डिप्टी सीएम बना दें', पूजा पाल को लेकर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर सियासी हमला

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने कहा कि यह भाजपा का प्यार था या मुख्यमंत्री का लगाव, यह वही लोग बेहतर बता सकते हैं। मुझे तो लग रहा था कि पूजा पाल मंत्री बनेंगी। मैं आज भी अपील करता हूं।
samajwadi party chief akhilesh yadav on pooja pal
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Akhilesh Yadav On Pooja Pal: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रयागराज दौरे के दौरान भाजपा सरकार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कैबिनेट विस्तार में विधायक पूजा पाल को जगह न मिलने के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर पार्टी में वास्तव में उनके प्रति सम्मान और लगाव है तो उन्हें उपमुख्यमंत्री बना देना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह भाजपा का प्यार था या मुख्यमंत्री का लगाव, यह वही लोग बेहतर बता सकते हैं। मुझे तो लग रहा था कि पूजा पाल मंत्री बनेंगी। मैं आज भी अपील करता हूं कि डिप्टी सीएम को हटाकर उन्हें बना देना चाहिए। अगर तीन डिप्टी सीएम हो जाएं तो क्या खराब है? उनके इस बयान को भाजपा के भीतर सामाजिक और राजनीतिक संतुलन पर बड़ा तंज माना जा रहा है।

योगी सरकार पर अखिलेश के गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने प्रयागराज एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने हाल ही में सामने आए एक युवक की पिटाई के वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने वीडियो हटवाकर उसमें दूसरे लोगों के नाम जोड़ दिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब सरकार और पुलिस प्रशासन का यही तरीका रह गया है कि पकड़े जाने पर झूठे नाम जोड़ दिए जाएं।

केशव प्रसाद पर सपा प्रमुख का तंज

सपा प्रमुख ने आगामी चुनावों को लेकर भी भाजपा सरकार पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब कुछ ही महीने बचे हैं और बरसात में वैसे भी विकास कार्य ठप हो जाते हैं। इसी दौरान उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद पर तंज कसते हुए कहा कि स्टूल वालों के लिए गद्दी तो लगा देते, कोई अच्छा विभाग मिल जाता। बाद में उन्होंने इसी टिप्पणी को सोशल मीडिया पर भी साझा किया।

PM के अपील पर अखिलेश का पलटवार

केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह किसी संकट से निपटने की अपील नहीं, बल्कि सरकार के पतन की घोषणा है। उन्होंने कहा कि सरकार जिस अर्थव्यवस्था पर गर्व करती थी, वही आज लड़खड़ा रही है। डॉलर की स्थिति, गिरती अर्थव्यवस्था और किसानों की आय जैसे मुद्दों पर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा।

अखिलेश ने कहा कि संकट कोई और नहीं, खुद भाजपा है। जब सब कुछ ठीक था तो अब जनता से अपील क्यों करनी पड़ रही है? वहीं, पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता से जुड़े हत्या प्रकरण में यूपी से हुई गिरफ्तारी को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के साथ आरोपियों की तस्वीरें हैं, वही लोग अब उन्हें निर्दोष बताने की कोशिश कर रहे हैं।

BJP की पूर्व सांसद के घर अखिलेश

प्रयागराज दौरे के दौरान अखिलेश यादव भाजपा की पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी के आवास पहुंचे और उनके दिवंगत पति पीसी जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजनीतिक श्रद्धांजलि यात्रा के बीच उनका यह दौरा प्रदेश की सियासत में कई नए संदेश छोड़ गया।

Navbharat Live
navbharatlive.com