

नागालैंड का निवासी बताने वाले व्यक्ति पर आरोप
कोर्ट जाने से पहले साइबर थाने पहुंचे हिंदूवादी नेता
पुलिस से मुकदमा दर्ज कर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग
Ajay Tomar Receives Death Threats: ताजमहल को तेजोमहालय बताने वाले और लैंड जिहाद को लेकर लगातार आंदोलन करने वाले योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अजय तोमर को व्हाट्सएप के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गयी है। अजय तोमर की आज ताजमहल वाद को लेकर तारीख भी थी, तारिख से पहले अजय तोमर आगरा पुलिस लाइन स्थित साइबर थाना पहुंचे और इस पूरे प्रकरण को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
ताजमहल को तेजोमहालय शिव मंदिर बताकर वहां पूजा-अर्चना की अनुमति मांगने को लेकर न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। गुरुवार को ताजमहल-तेजोमहालय वाद में न्यायालय में तारीख थी। सुनवाई के लिए अदालत जाने से पहले अजय तोमर धमकी भरे व्हाट्सएप संदेशों की शिकायत लेकर साइबर क्राइम थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और अपनी सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर के अनुसार, उनके व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति की ओर से धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। संदेश भेजने वाले ने अपना नाम डांगर हुसैन बताते हुए खुद को नागालैंड का निवासी बताया है। आरोप है कि उसने अजय तोमर को जान से मारने की धमकी देने के साथ जल्द अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी है। इतना ही नहीं, आरोपी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का भी आरोप है।
अजय तोमर का कहना है कि ताजमहल-तेजोमहालय प्रकरण की सुनवाई से पहले उन्हें इस तरह के संदेश मिले। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम थाने में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस से संबंधित मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप संदेशों की जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताते हुए पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध किया है।
ताजमहल को तेजोमहालय बताने और वहां पूजा-अर्चना की अनुमति की मांग से जुड़ा विवाद पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में सुनवाई के दिन ही इस प्रकरण से जुड़े हिंदूवादी नेता की ओर से जान से मारने की धमकी की शिकायत किए जाने से मामला चर्चा में आ गया है। अब साइबर क्राइम पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि धमकी भरे संदेश कहां से भेजे गए और इसके पीछे कौन है।