9 अगस्त की प्रस्तावित कार सेवा से पहले हिंदू महासभा की आमंत्रण यात्रा, मीरा राठौर के बयान से बढ़ी सियासी हलचल
Mathura Shahi Idgah Dispute:9 अगस्त को प्रस्तावित कार सेवा से पहले आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा के आमंत्रण यात्रा के दौरान संगठन की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के विवादित बयान से सियासी हलचल बढ़ गई है।
- Reported By: प्रदीप कुमार रावत | Edited By: स्निग्धा श्रीवास्तव
आमंत्रण यात्रा (सोर्स- फोटो नवभारत)
Mathura Shahi Idgah Dispute Update: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर 9 अगस्त को प्रस्तावित कार सेवा से पहले राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। इसी क्रम में अखिल भारत हिंदू महासभा ने रविवार को आगरा में आमंत्रण यात्रा निकालकर लोगों से मथुरा पहुंचने का आह्वान किया।
यात्रा के दौरान संगठन की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने एक विवादित बयान देते हुए कहा कि यदि संतों का आदेश मिला तो वह शाही ईदगाह के गुंबद पर “पहला हथौड़ा” स्वयं चलाएंगी।
“9 अगस्त को चलो मथुरा” जैसे नारे लगाए गए
हाथी घाट, यमुना किनारे से शुरू हुई यात्रा में लड्डू गोपाल की प्रतिमा के समक्ष महिला कार्यकर्ता हथौड़ा, कुदाल, फावड़ा और तसला लेकर पहुंचीं। यात्रा के दौरान “कृष्ण लाल हम आएंगे, मंदिर भव्य बनाएंगे”, “श्रीकृष्ण के वास्ते खाली कर दो रास्ते” और “9 अगस्त को चलो मथुरा” जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद यात्रा जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां लोगों को 9 अगस्त के कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र भी वितरित किए गए।
सम्बंधित ख़बरें
मथुरा-वृंदावन के ऐतिहासिक कुंडों का होगा जीर्णोद्धार, ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने साईन किया एमओयू
Vrindavan: बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं से मारपीट का आरोप; वीडियो वायरल होने के बाद उठी जांच की मांग
यमुना प्रदूषण के खिलाफ अनोखा आंदोलन, बिहार घाट पर हनुमान स्वरूप धारण कर आमरण अनशन पर बैठे समाजसेवी दीपक शर्मा
बलदेव पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग से 7 बदमाश गिरफ्तार, लाखों के चोरी के सामान बरामद
जिला अध्यक्ष मीरा राठौर का विवादित बयान
इस दौरान पर अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा कि वृंदावन के संतों द्वारा कार सेवा का आह्वान किया गया है और संगठन आगरा से हजारों कार्यकर्ताओं के साथ मथुरा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यदि संतों का आदेश मिला तो वह स्वयं शाही ईदगाह को हटाने के अभियान में पहला हथौड़ा चलाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान में जेल जाना पड़े या किसी भी प्रकार का संघर्ष करना पड़े, वह पीछे नहीं हटेंगी।
यह भी पढ़ें- बलदेव पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग से 7 बदमाश गिरफ्तार, लाखों के चोरी के सामान बरामद
न्यायालय में मामला विचाराधीन
हिंदू महासभा के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के लिए वर्षों तक संघर्ष किया गया था। उनका कहना था कि न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद सामाजिक स्तर पर आंदोलन जारी रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 9 अगस्त को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मथुरा के लिए रवाना होंगे।
कार्यक्रम का संयोजन नंदू कुमार ने किया। इस दौरान महिला जिला अध्यक्ष नीतू ठाकुर, महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर, नंदू भाई, नितेश भारद्वाज, मनीष कुमार, सिकंदर भाई, जिला मीडिया प्रभारी बबलू निषाद, केशव कुशवाहा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
