दीपावली के बाद उत्तर भारत में जहरीली हुई हवा, दिल्ली से लखनऊ तक प्रदूषण का कहर;धुंध की आगोश में ताजनगरी आगरा

Extreme Pollution deewali Delhi-NCR:दीपावली में धुएं और मौसम में बदलाव से दिल्ली-NCR समेत यूपी के प्रमुख शहरों में प्रदूषण बढ़ा गया। लोगों को खुली हवा में सांस लेने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
Air quality delhi NCR remains extremely poor
गाजियाबाद और नोएडा में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है(सोर्स : सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दीपावली के बाद उत्तर भारत में बढ़ा वायु प्रदूषण

  • दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में धुंध

  • जहरीली हवा से सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों की सेहत पर खतरा

  • प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की मांग तेज

Air quality Delhi-NCR Extremely Poor: दीपावली पर रोशनी और खुशियों के बीच हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब उत्तर भारत के शहरों की आबोहवा पर दिखाई देने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से लेकर गाजियाबाद, नोएडा, लखनऊ, कानपुर और ताजनगरी आगरा तक प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।

आसमान में धुएं की मोटी चादर दिखाई दे रही है। सुबह और शाम के समय धुंध के साथ प्रदूषण का असर लोगों को परेशान कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को खुली हवा में सांस लेने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

भारतीय AQI पैमाने की अधिकतम सीमा 500

दीपावली से पहले ही "नवभारत" ने प्रदूषण के बढ़ते स्तर को लेकर आगाह किया था और आशंका जताई थी कि त्योहार के दौरान आतिशबाजी के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में और इजाफा हो सकता है। अब त्योहार के बाद बिगड़ते हालात ने इस चिंता को और गंभीर कर दिया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो दीपावली के बाद कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। कुछ डिजिटल एयर क्वालिटी प्लेटफॉर्म पर दिल्ली का प्रदूषण स्तर 700 से अधिक भी प्रदर्शित किया गया। हालांकि, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आधिकारिक भारतीय AQI पैमाने की अधिकतम सीमा 500 है।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों और प्लेटफॉर्म पर गाजियाबाद का AQI 366 से 530 और नोएडा का 340 से 528 तक बताया गया है।

वहीं लखनऊ में भी कुछ प्लेटफॉर्म पर प्रदूषण का स्तर 628 तक प्रदर्शित किया गया। कानपुर में भी हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। ताजनगरी आगरा में अलग-अलग स्थानों पर AQI 306 से 321 के आसपास दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

आतिशबाजी के धुएं ने बढ़ाई प्रदूषण की परेशानी

दरअसल, दीपावली से पहले ही उत्तर भारत के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा था। इसके बाद त्योहार पर हुई आतिशबाजी ने वातावरण में धूल और सूक्ष्म प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ा दी। दूसरी तरफ मौसम में बदलाव, रात के तापमान में गिरावट और हवा की धीमी रफ्तार के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। यही वजह है कि कई शहरों में सुबह के समय धुंध और धुएं का असर साफ दिखाई दे रहा है।

ताजनगरी आगरा की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है। पर्यटन नगरी के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले शहर में कई स्थानों पर आसमान धुएं की चादर से ढका नजर आ रहा है। दीपावली पर हुई आतिशबाजी के बाद वातावरण में प्रदूषण का असर महसूस किया जा रहा है। यह स्थिति न केवल आम नागरिकों बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी चिंता का विषय है।

Air quality delhi NCR remains extremely poor
आगरा की हवा हुई जहरीली, AQI 400 पार; दिवाली से पहले ही बिगड़े हालात, अस्थमा और हार्ट के मरीजों को खतरा

अस्थमा और हृदय रोगियों के लिए बढ़ा खतरा

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के मुताबिक खराब वायु गुणवत्ता का असर श्वसन तंत्र और हृदय संबंधी स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। खासतौर पर अस्थमा, हृदय रोग और सांस संबंधी दूसरी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

चिकित्सकों की सलाह है कि प्रदूषण का स्तर अधिक रहने पर सुबह की सैर और खुले स्थानों पर व्यायाम करने से बचें। बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और बाहर जाते समय सही गुणवत्ता वाले N95 मास्क का इस्तेमाल करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, धूल-धुएं वाले और भीड़भाड़ के स्थानों से दूरी बनाएं तथा बाहर के खानपान में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। अस्थमा, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज किसी भी परेशानी की स्थिति में चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।

पराली जली तो और बिगड़ सकते हैं हालात

पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदूषण की समस्या फिलहाल जल्द खत्म होने वाली नहीं है। मौसम की परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहीं तो अगले 15 से 20 दिनों तक इसका असर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ती हैं तो उत्तर भारत के शहरों की हवा और जहरीली हो सकती है। पहले से मौजूद वाहनों के धुएं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और औद्योगिक उत्सर्जन के बीच पराली का धुआं प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना सकता है।

कुल मिलाकर दीपावली के बाद उत्तर भारत की आबोहवा ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। हर साल सर्दियों की शुरुआत में दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश के शहरों तक प्रदूषण का संकट गहराता है। आतिशबाजी कुछ घंटों की खुशी देती है, लेकिन उसका असर कई दिनों तक वातावरण और लोगों की सेहत पर बना रह सकता है।

Air quality delhi NCR remains extremely poor
दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण से जहरीली हुई हवा; CAQM ने लागू किया GRAP-3, जानें क्या होंगी पाबंदियां