आगरा में दीपावली पर सुरक्षा का डबल लॉक! बाजारों से एंट्री पॉइंट तक पुलिस का सख्त पहरा

Agra Police Festival Security: धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा के लिए आगरा पुलिस ने 103 चेकिंग पॉइंट और 13 आउटर कॉर्डन के साथ शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
Agra Police
दीपावली पर आगरा पुलिस का सुरक्षा प्‍लान (सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • धनतेरस-दीपावली पर आगरा पुलिस का बड़ा सुरक्षा प्लान

  • 103 चेकिंग पॉइंट और 13 आउटर कॉर्डन से होगी निगरानी

  • मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमें भी संभालेंगी मोर्चा

Agra Police Diwali Security Plan: आगरा में धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़, खरीदारी की रौनक और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। त्योहारों के दौरान अपराधियों पर शिकंजा कसने और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए नगर जोन में सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है। शहर के भीतर 103 प्रमुख चेकिंग पॉइंट से लेकर प्रवेश मार्गों पर 13 आउटर कॉर्डन तक पुलिस की निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है।

आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में तैयार सुरक्षा योजना के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट एवं बैरियर स्थापित किए गए हैं। विशेष ड्यूटी चार्ट के अनुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती कर उन्हें संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग दी गई है।

शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख 13 मार्गों पर भी बैरियर और पिकेट लगाकर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

बाजारों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी, हॉटस्पॉट पर पीआरवी

त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने अपनी गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया है। पीआरवी वाहनों के रूट्स का पुनर्निर्धारण कर उन्हें प्रमुख बाजारों, हॉटस्पॉट और संभावित अपराध प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। इससे जरूरत पड़ने पर पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों को विशेष ब्रीफिंग के बाद बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर चेकिंग, गश्त और आमजन से संवाद के लिए रवाना किया जा रहा है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन टीमों की सक्रियता बढ़ाई गई है।

Agra Police
मथुरा पुलिस का बड़ा एक्शन! यातायात माह से पहले सड़कों पर उतरी, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों के काटे चालान

शाम ढलते ही सड़कों पर उतरेंगे अफसर

सुरक्षा व्यवस्था को केवल पुलिस पिकेट तक सीमित नहीं रखा गया है। नगर जोन के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ प्रतिदिन शाम को फुट पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे हैं। इसका उद्देश्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की प्रत्यक्ष मौजूदगी बनाए रखना तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।

आभूषण और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से भी पुलिस अधिकारी संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस दौरान प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, सुरक्षा इंतजाम और संभावित जोखिमों के संबंध में जानकारी ली जा रही है, ताकि चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

सुरक्षा के साथ यातायात पर भी नजर

धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले लोगों को जाम और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा, पिकेट और चौकियों पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करने के लिए विशेष रजिस्टर की व्यवस्था की गई है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

अपर पुलिस उपायुक्त (क्राइम) मनोज कुमार यादव का कहना है कि धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। त्योहारों के दौरान पुलिस की सतर्कता और सक्रियता लगातार जारी रहेगी।

Agra Police
आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध सिम बॉक्स नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 सिम बॉक्स और 221 सिम कार्ड बरामद- VIDEO