साल में एक बार होते हैं भगवान जगन्नाथ के हाथ-पैर के दर्शन; राजाधिराज वेश में सजे प्रभु, निहाल हुए आगरावासी

Agra Lord Jagannath Rajadhiraj Darshan: भगवान के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने हाथों में दीपक लेकर भगवान की आरती उतारी और दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।
Lord Jagannath Rajadhiraj Darshan
भगवान जगन्नाथ के दुर्लभ दर्शन(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • कार्तिक पूर्णिमा पर राजाधिराज वेश में विराजे भगवान जगन्नाथ

  • श्वेत वस्त्रों पर तुलसी पत्र से हुआ श्रीहरि का अलौकिक शृंगार

  • दीपदान और हरिनाम संकीर्तन में भक्तों ने लिया भाग

Lord Jagannath's Hands and Feet Special Darshan: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। भगवान जगन्नाथ ने अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलराम के साथ राजाधिराज वेश में भक्तों को दर्शन दिए।

भगवान का अलौकिक शृंगार और मंदिर की दिव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर वर्ष में एक बार होने वाले भगवान श्रीहरि के हाथों और चरणों के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में देर तक जय जगन्नाथ के जयकारे गूंजते रहे।

Agra Lord Jagannath
पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु(सोर्स: नवभारत लाइव)

श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना

कार्तिक माह के अंतिम दिन मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। भगवान जगन्नाथ को सफेद यानी धवल वस्त्र धारण कराए गए। इन वस्त्रों को तुलसी पत्रों से सजाकर श्रीहरि का विशेष शृंगार किया गया।

बैकुंठ के राजा के स्वरूप में विराजमान भगवान के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने हाथों में दीपक लेकर भगवान की आरती उतारी और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

Lord Jagannath Rajadhiraj Darshan
कार्तिक पूर्णिमा पर दिल्ली से मुंबई तक आसमान में चमका चांद, वीडियो में देखें देशभर का खूबसूरत नजारा

भगवान जगन्नाथ का राजाधिराज वेश में श्रृंगार

मंदिर के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर कार्तिक माह के समापन के साथ भगवान जगन्नाथ को बैकुंठ के राजा के रूप में राजाधिराज वेश में सजाया जाता है। इस दिन भगवान के हाथों और चरणों के दर्शन का विशेष धार्मिक महत्व है। वर्ष में एक बार मिलने वाले इन दुर्लभ दर्शनों को पाकर श्रद्धालु स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं।

धार्मिक आयोजन के दौरान हरिनाम संकीर्तन ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झिलमिलाती रोशनी और आकर्षक फूलों से विशेष रूप से सजाया गया था। दीपों की रोशनी, भक्ति संगीत और भगवान के दिव्य स्वरूप ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

Agra Lord Jagannath
जगन्नाथ मंदिर में दीपदान(सोर्स: नवभारत लाइव)

बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा और अदिति गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Lord Jagannath Rajadhiraj Darshan
गंगा घाटों पर हजारों की भीड़, मंदिरों में लंबी कतारें, कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था के रंग में रंगी काशी