

Highlights:
24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का व्रत रखा गया।
नोएडा में शाम 5:01 बजे हुआ चंद्रोदय।
चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा के बाद कर सकते हैं पारण।
पारण में खीर, फल, दूध और सात्विक भोजन के विकल्प।
25 नवंबर को सुबह पारण करने वालों को स्थानीय पंचांग का ध्यान रखना चाहिए।
Kartik Purnima Vrat Paran 2026: कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया गया। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण करना शुभ माना जाता है। ऐसे में जिन लोगों ने पूरे दिन उपवास रखा है, उनके मन में सवाल है कि व्रत कब खोलना चाहिए और पारण के दौरान किन चीजों का सेवन करना चाहिए।
पंचांग के अनुसार, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा तिथि रात 8 बजकर 23 मिनट तक रही। व्रत रखने वाले श्रद्धालु चंद्रोदय के बाद चंद्र देव को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना कर सकते हैं। इसके बाद भगवान का प्रसाद ग्रहण करके व्रत का पारण किया जा सकता है।
लेकिन हिन्दू धर्म उदयातिथि के अनुसार व्रत रखने और समापन करने की परंपरा है, इसलिए यदि कोई श्रद्धालु परंपरा के अनुसार अगले दिन सुबह पारण करना चाहते हैं, तो 25 नवंबर, बुधवार यानि आज सूर्योदय के बाद स्नान-ध्यान और पूजा करके व्रत खोल सकते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के व्रत का पारण करते समय सात्विक और हल्का भोजन करना अच्छा माना जाता है। धार्मिक परंपराओं के अनुसार, पूजा के बाद भगवान को अर्पित किया गया प्रसाद ग्रहण करके व्रत खोला जा सकता है।
पारण में इन चीजों का सेवन कर सकते हैं:
खीर और प्रसाद: दूध और चावल से बनी सात्विक खीर या भगवान को चढ़ाया गया प्रसाद ग्रहण कर सकते हैं।
फल और मेवे: ताजे फल, बादाम, काजू और अन्य मेवों का सेवन किया जा सकता है।
दूध और दही: दूध, दही और अन्य हल्के दुग्ध उत्पाद फलाहार के अच्छे विकल्प हैं।
मखाना और साबूदाना: मखाने की खीर, साबूदाने की खिचड़ी या अन्य हल्के फलाहारी व्यंजन ले सकते हैं।
व्रत खोलते समय जल्दबाजी में अधिक भोजन करने से बचना चाहिए। लंबे उपवास के बाद हल्का और सुपाच्य भोजन करना बेहतर रहता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पारण में सात्विकता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
इस दौरान बहुत अधिक तला-भुना, मसालेदार और भारी भोजन करने से बचें। व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपनी सेहत और खानपान की जरूरत के अनुसार भोजन करें। पूजा के बाद भगवान शिव और भगवान विष्णु का स्मरण करते हुए श्रद्धा और नियमपूर्वक व्रत का समापन करें।