जनकपुरी बनी मिथिला नगरी; श्रीराम के स्वागत में सजे घर-द्वार, आज से 10 अक्टूबर तक भक्ति का उत्सव

Agra Janakpuri Mahotsav: आगरा जनकपुरी महोत्सव 2026 में 3 से 10 अक्टूबर तक धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान 7 अक्टूबर को श्रीराम बारात और 10 अक्टूबर को संगीतमय रामायण की प्रस्तुति होगी।
Agra Janakpuri Mahotsav 2026: Shri Ram Barat on October 7, Musical Ramayana on October 10
जनकपुरी महोत्सव की तैयारी (सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Agra Janakpuri Mahotsav 2026: “मिथिला नगरी में किया श्रृंगार, प्रभु श्रीराम के आगमन में सज गए सारे घर-द्वार...” इन दिनों आगरा की ऐतिहासिक जनकपुरी का स्वरूप कुछ ऐसा ही नजर आ रहा है। घर-द्वार सज चुके हैं, द्वारों पर तोरण और बंदनवार लग चुके हैं और जनक मंच अपनी भव्य आभा से पूरे क्षेत्र को आलोकित कर रहा है। अब जनकपुरी को इंतजार है तो प्रभु श्रीराम के आगमन का।

उत्तर भारत के प्रसिद्ध जनकपुरी महोत्सव को लेकर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी महोत्सव कार्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि 3 अक्टूबर से महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम शुरू होंगे।

उन्होंने बताया कि पिछले एक माह से अधिक समय से जनकपुरी कार्यालय में प्रतिदिन भगवान श्रीराम की आरती और हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

3 अक्टूबर को निकलेगी आमंत्रण यात्रा

3 अक्टूबर को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। हजारों वाहनों के साथ निकलने वाली यात्रा के माध्यम से शहरवासियों को जनकपुरी महोत्सव, प्रभु श्रीराम की बारात और श्रीराम-जानकी विवाहोत्सव में परिवार सहित शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। नीम करोली बाबा मंदिर पर सुंदरकांड पाठ के साथ आमंत्रण यात्रा का विश्राम होगा।

Agra Janakpuri Mahotsav 2026: Shri Ram Barat on October 7, Musical Ramayana on October 10
सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी में रंगोली प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

हजारों महिलाएं बनेंगी माता जानकी के डोले का हिस्सा

जनकपुरी महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल ने बताया कि इस बार महिला समिति की हजारों महिलाएं माता जानकी के डोले में शामिल होंगी। 6 अक्टूबर को निकलने वाले डोले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

आरती संयोजिका शीतल अग्रवाल ने बताया कि महिलाएं एक समान ड्रेस कोड में शामिल होंगी। सभी सखियां एक जैसी साड़ी पहनकर माता जानकी के डोले की शोभा बढ़ाएंगी। मुख्य संरक्षक आरती शर्मा और मुख्य संयोजिका शुचि खंडेलवाल ने बताया कि मेहंदी कार्यक्रम में भी महिला समिति की सदस्य एक ही ड्रेस कोड में नजर आएंगी।

5 अक्टूबर को मेहंदी-संगीत और हल्दी की रस्म

मुख्य संयोजक मनोज बंसल और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल ने बताया कि 5 अक्टूबर को राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल के एंथम, आवास विकास कॉलोनी स्थित निवास पर मेहंदी, संगीत और हल्दी की रस्में आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में लोक गायिका तृप्ति शाक्या अपनी प्रस्तुति देंगी।

6 अक्टूबर को निकलेगा माता जानकी का डोला

मुख्य संरक्षक संतोष कटारा और स्वागत अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने बताया कि 6 अक्टूबर को गणपति किंग्स काउंटी से माता सीता का डोला गौरा पूजन और नगर दर्शन के लिए निकलेगा। डोले के आगे भगवान गणेश की सवारी और राजा जनक की बग्गी रहेगी।

इसके बाद ओंकारेश्वर मंदिर में गौरा पूजन होगा, जहां श्रद्धालु माता जानकी के स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे।

Agra Janakpuri Mahotsav 2026: Shri Ram Barat on October 7, Musical Ramayana on October 10
वाराणसी शिक्षक एमएलसी चुनाव: भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने तीन सेटों में दाखिल किया नामांकन

7 अक्टूबर को श्रीराम बारात का भव्य स्वागत

महामंत्री मनोज जादौन और कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला के अनुसार 7 अक्टूबर जनकपुरी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। सुबह छह बजे गणपति किंग्स काउंटी पर भगवान श्रीराम की बारात का भव्य स्वागत एवं अगवानी की जाएगी। विश्राम के बाद प्रभु श्रीराम के स्वरूप को चांदी के रथ पर विराजमान कर नगर दर्शन कराया जाएगा और बारात कावेरी कौस्तुंभ स्थित जनमासे पहुंचेगी।

मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे भावना एस्टेट स्थित भावनेश्वर मंदिर में तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह होगा। जनक मंच से श्रीराम और अन्य स्वरूपों के दर्शन होंगे। नासिक का लाइव बैंड गणेश वंदना तथा इंडिया गॉट टैलेंट की टीम हनुमान स्तुति प्रस्तुत करेगी।

8 अक्टूबर को बड़हर की दावत और श्रीराम भजन संध्या

महिला समिति की अनीता यादव ने बताया कि 8 अक्टूबर को राम रघु आनंदा के सामने पारंपरिक बड़हर की दावत आयोजित की जाएगी। शाम को सुप्रसिद्ध गायक कुमार विशु श्रीराम भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे। सिम्मी शर्मा और रुचि बंसल ने बताया कि 9 अक्टूबर को श्रद्धालुओं के लिए स्वरूप दर्शन का आयोजन होगा। रात में स्वरूपों की विदाई की जाएगी।

10 अक्टूबर को जनक मंच पर संगीतमय रामायण

जनकपुरी महोत्सव के मुख्य मार्गदर्शक अजय गर्ग अवागढ़ ने बताया कि पूरे जनकपुरी क्षेत्र में उड़ते हुए हनुमान जी और वानर सेना के दर्शन होंगे। 10 अक्टूबर को सम्मान समारोह के साथ जनक मंच पर रामायण की संगीतमय एवं जीवंत प्रस्तुति होगी।

सुप्रसिद्ध लाडी संगीत मेकर की ओर से रामायण की संगीतमय नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें प्रभु श्रीराम की भूमिका गौरव खन्ना, हनुमान की भूमिका बिंदु दारा सिंह, रावण की भूमिका आर्य बब्बर और सीता मैया की भूमिका प्राची कामले निभाएंगी। कार्यक्रम में तुषार कालिया शिव तांडव की विशेष प्रस्तुति देंगे।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और ई-वाहन की व्यवस्था

मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन और मार्गदर्शक अशोक गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर के बगल में प्रमुख पार्किंग रहेगी। इसके अलावा गुरुद्वारा राम रघु आनंदा के पास भी पार्किंग की व्यवस्था होगी।

Agra Janakpuri Mahotsav 2026: Shri Ram Barat on October 7, Musical Ramayana on October 10
कन्नौज के किशनपुर गांव में रहस्यमयी बुखार का कहर, एक महिला की मौत, 100 से ज्यादा बीमार

पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से जनकपुरी के मुख्य द्वार तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। वीआईपी यातायात व्यवस्था के लिए पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर से भावना एस्टेट गेट नंबर-2 की ओर मार्ग निर्धारित रहेगा।

मिथिला नगरी के स्वरूप में सजी जनकपुरी

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम और माता जानकी के विवाहोत्सव की परंपरा आगरा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी है। इस बार जनकपुरी को इस तरह सजाया गया है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को मिथिला नगरी जैसा अनुभव हो सके।

उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित जनकपुरी पहुंचकर प्रभु श्रीराम और माता जानकी के स्वरूपों के दर्शन करने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

जनकपुरी महोत्सव 2026 : एक नजर में

3 अक्टूबर — दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से आमंत्रण यात्रा

5 अक्टूबर — एंथम, आवास विकास कॉलोनी में मेहंदी, संगीत एवं हल्दी की रस्म, तृप्ति शाक्या की प्रस्तुति

6 अक्टूबर — गणपति किंग्स काउंटी से माता जानकी का डोला, गौरा पूजन एवं नगर दर्शन

7 अक्टूबर — श्रीराम बारात का स्वागत, नगर दर्शन, तुलसी-शालिग्राम विवाह एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

8 अक्टूबर — राम रघु आनंदा के सामने बड़हर की दावत एवं कुमार विशु की श्रीराम भजन संध्या

9 अक्टूबर — स्वरूप दर्शन एवं रात्रि में स्वरूपों की विदाई

10 अक्टूबर — सम्मान समारोह, जनक मंच पर संगीतमय रामायण एवं तुषार कालिया का शिव तांडव

ये रहे मौजूद: अंकुश मित्तल, सतीश ठाकुर, धीरज शर्मा, प्रशांत जैन, शालिनी पोरवाल, सीमा सिंह, दीप्ति अग्रवाल, रितु अग्रवाल, मिशी यादव, प्रियंका ठाकुर आदि।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com