आगरा में विकास कार्यों के बीच आम आदमी की सुरक्षा दांव पर! इनोवा पर गिरा क्रेन का बूम, लाखों का नुकसान

Agra Common Man Safety Risk: कमला नगर में पानी की टंकी के पास मनीष अग्रवाल की इनोवा क्रिस्टा पिछले दो दिनों से घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक क्रेन का बूम अनियंत्रित होकर कार के ऊपर जा गिरा।
Crane boom falls onto car
कार पर गिरी क्रेन का बूम(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर क्रेन की पहचान करने में जुटी पुलिस

  • मामले में संबंधित विभागों की ओर से सामने नहीं आया कोई आधिकारिक बयान

  • विकास कार्यों के दौरान नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा आवश्यक

Agra Development Works: अगर आपकी कर या कोई अन्य वाहन घर के बाहर खड़ा हुआ है, और उस पर क्रेन का कोई हिस्सा गिर जाए आप यकीन कर सकते हैं..! शायद नहीं। लेकिन आगरा में ऐसी घटना सामने आई है जिससे कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यों के दौरान आम आदमी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ताजनगरी में एक ओर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) के निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं तो दूसरी ओर सीएम ग्रिड योजना समेत विभिन्न विभागों के विकास और निर्माण कार्यों ने शहर के कई इलाकों में गतिविधियां बढ़ा दी हैं। लेकिन इन विकास कार्यों के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है, यह सवाल कमला नगर में हुए एक हादसे ने फिर खड़ा कर दिया है।

यहां घर के बाहर खड़ी इनोवा क्रिस्टा कार पर अचानक क्रेन का भारी-भरकम बूम गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

Crane boom falls onto car
कार पर गिरी क्रेन का बूम(सोर्स: नवभारत लाइव)

क्रेन का बूम गिरते ही मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि कमला नगर में पानी की टंकी के पास मनीष अग्रवाल की इनोवा क्रिस्टा पिछले दो दिनों से घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक क्रेन का बूम अनियंत्रित होकर कार के ऊपर जा गिरा। भारी भरकम हिस्से के कार पर गिरते ही तेज आवाज हुई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर कार की हालत देखकर हर कोई हैरान रह गया।

हादसे के बाद क्रेन की पहचान को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि क्रेन पर कोई नंबर दर्ज नहीं था, जिससे उसके मालिक और ऑपरेटर की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पीड़ित मनीष अग्रवाल ने आपातकालीन सेवा 112 पर शिकायत की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना से जुड़े तथ्यों और क्रेन की पहचान करने में जुटी है।

Crane boom falls onto car
आगरा में दीपावली पर सुरक्षा का डबल लॉक! बाजारों से एंट्री पॉइंट तक पुलिस का सख्त पहरा

विकास कार्यों के बीच सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

आगरा में मेट्रो रेल परियोजना, सीएम ग्रिड योजना और अन्य निर्माण कार्यों के चलते भारी मशीनों और उपकरणों का इस्तेमाल लगातार हो रहा है। ऐसे में निर्माण स्थलों के आसपास रहने वाले लोगों, राहगीरों और सड़क पर खड़े वाहनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसियों की है। कमला नगर की घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भारी मशीनों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कितना हो रहा है? क्या क्रेन और अन्य निर्माण उपकरणों की पहचान तथा तकनीकी सुरक्षा की नियमित जांच की जा रही है? क्या काम के दौरान आसपास के लोगों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं?

यह पहली घटना नहीं है, जब आगरा में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा और लापरवाही को लेकर सवाल उठे हों। इससे पहले भी उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निर्माण कार्यों के दौरान गंभीर लापरवाही के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में हर नई घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठना स्वाभाविक है।

नगर निगम से लेकर प्रशासन तक, कार्रवाई का इंतजार

फिलहाल इस मामले में आगरा पुलिस और जिला प्रशासन के साथ नगर निगम, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। नगर निगम और संबंधित विभाग इस घटना को लेकर क्या संज्ञान लेते हैं, क्या क्रेन संचालक और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाती है और पीड़ित को हुए नुकसान की भरपाई कैसे होगी, यह आने वाला समय बताएगा।

हालांकि, इस घटना में संबंधित विभागों की प्रत्यक्ष जिम्मेदारी अभी जांच का विषय है, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सामने आई चूक को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सवाल किसी विकास परियोजना का नहीं, बल्कि विकास कार्यों के दौरान नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने का है।

आगरा को मेट्रो सिटी और आधुनिक सुविधाओं से लैस शहर बनाने की दिशा में काम हो रहा है, लेकिन विकास की इस रफ्तार में यदि आम आदमी की सुरक्षा ही पीछे छूट जाए तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। आखिर विकास कार्यों के बीच नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा और लापरवाही होने पर जवाबदेही किसकी तय होगी?

Crane boom falls onto car
Police Transfer List: 72 उपनिरीक्षकों के तबादले; आगरा पुलिस में थानों से लेकर साइबर सेल तक बदली तैनाती