अखिलेश यादव(सोर्स : सोशल मीडिया)
लखनऊ: लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील करते हुए कहा कि अयोध्या जिले के फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद की जीत से जनता ने नफरत की राजनीति को खत्म कर दिया है।
शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित में कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं, विधायकों तथा नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ”2024 के लोकसभा चुनाव ने भारत की राजनीति को बदलने का काम किया है। अयोध्या जनपद के लोकसभा क्षेत्र फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद की जीत से जनता ने नफरत की राजनीति को खत्म कर दिया है।”
फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट से सपा के अवधेश प्रसाद ने 2014 से लगातार दो बार सांसद रहे भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह को पराजित कर दिया और उन्हें तीसरी बार संसद पहुंचने से रोक दिया। लल्लू सिंह की हार इसलिए भी चर्चा का विषय बन गई है क्योंकि इस वर्ष की शुरुआत में 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य भव्य मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी।
2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीट में से समाजवादी पार्टी ने अपने स्थापना काल से अब तक रिकार्ड प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 37 सीट पर जीत हासिल की। सपा की सहयोगी कांग्रेस को भी छह सीट पर जीत मिली, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 33 और उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को दो और अपना दल (एस) को एक सीट पर जीत मिली। एक सीट आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी जीती है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)