

Abbas Ansari Akhilesh Yadav Meeting: उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व विधायक अब्बास अंसारी ने आज गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत की। उन्होंने मुलाकात के बाद मीडिया से भी कोई बातचीत नहीं की।
बता दें कि अखिलेश यादव और अब्बास अंसारी की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब सपा राज्यसभा चुनाव में अपने तीसरे प्रत्याशी के लिए समर्थन जुटाने का प्रयास कर रही है। समाजवादी पार्टी ने बुधवार को प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों नेताओं ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है। यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होना है।
बता दें कि राज्यसभा चुनाव में प्रत्येक उम्मीदवार के लिए 37 प्रथम वरीयता वोट की जरूरत होगी। और मौजूदा विधानसभा संख्या के आधार पर सपा के दो उम्मीदवारों की स्थिति अलग है। साथ ही तीसरे उम्मीदवार के लिए अतिरिक्त समर्थन की आवश्यकता होगी। ऐसे में दूसरे दलों के विधायकों के रुख पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।
अखिलेश यादव ने भी इसको लेकर स्पष्ट कर दिया है कि पहले संख्या पूरी की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि कुछ लोगों के वापस आने और कुछ स्थानों पर असंतोष जैसी स्थिति बनी हुई है। उनके इस बयान के बाद अब्बास अंसारी से उनकी यह मुलाकात राज्यसभा चुनाव के मौजूदा राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई इसका आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।
बता दें कि अब्बास अंसारी और अखिलेश यादव की यह मुलाकात इसलिए भी राजनीतिक चर्चा में है कि अंसारी परिवार और समाजवादी पार्टी के बीच पुराने राजनीतिक संबंध रहे हैं। अब्बास अंसारी वर्तमान में सुभासपा के विधायक हैं, लेकिन उनके चाचा अफजाल अंसारी सपा के सांसद हैं। उनके चचेरे भाई शोएब अंसारी भी सपा के विधायक हैं। ऐसे में राज्यसभा चुनाव के ठीक पहले अब्बास अंसारी की सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।