PNG कनेक्शन ले रहे हैं? इंस्टॉलेशन से पहले जान लें ये जरूरी सेफ्टी टिप्स
PNG Connection Safety Tips : PNG कनेक्शन लेते समय सही इंस्टॉलेशन और सेफ्टी उपाय अपनाना जरूरी है, छोटी लापरवाही भी बड़ा खतरा बन सकती है, गैस लीकेज जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- Written By: हितेश तिवारी
PNG कनेक्शन के जरूरी टिप्स। (फोटो सोर्स - गूगल इमेज)
PNG Gas Installation Tips : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और गैस सप्लाई पर उसके असर के चलते हाल के दिनों में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी Piped Natural Gas (PNG) एक बेहतर विकल्प के तौर पर तेजी से उभर रहा है।
सरकार भी लोगों को PNG अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, क्योंकि यह लगातार सप्लाई और सुविधाजनक उपयोग का विकल्प देता है। हालांकि, PNG कनेक्शन लेने के बाद उसकी सही इंस्टॉलेशन और उपयोग से जुड़ी सावधानियों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
PNG कनेक्शन के बाद ध्यान रखें यह सावधानियां
PNG कनेक्शन लगवाते समय सबसे जरूरी बात है सही जगह का चयन और वेंटिलेशन का ध्यान रखना। गैस मीटर और पाइपलाइन ऐसी जगह पर लगवानी चाहिए, जहां वे सुरक्षित रहें और किसी तरह का बाहरी नुकसान न हो। वहीं किचन में अच्छी वेंटिलेशन होना बेहद जरूरी है, ताकि गैस का प्रवाह सही बना रहे और किसी तरह की गैस जमा न हो।
सम्बंधित ख़बरें
मथुरा में गोवर्धन चौराहे पर जेसीबी खुदाई के दौरान फटी पीएनजी पाइपलाइन, गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी
मुंबई में 17 दिनों में दूसरी बार बढ़ CNG के दाम, डोमेस्टिक PNG भी हुई महंगी, जानें नई कीमतें
आम आदमी पर महंगाई की चौतरफा मार, दिल्ली में ₹2 महंगी हुई CNG, 11 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम, जानें ताजा भाव
1 जुलाई से लागू होगा ‘No Dual Connection Rule’, LPG या PNG में से चुनना होगा एक, जानें नए नियम
इसके अलावा, एलपीजी और PNG के प्रेशर में अंतर होने के कारण पुराने चूल्हे को सीधे इस्तेमाल करना सही नहीं होता। ऐसे में चूल्हे के नोजल को बदलवाना या PNG के हिसाब से उसे अपडेट करना जरूरी है, जिससे गैस सही तरीके से जले और कोई तकनीकी दिक्कत न आए।
गैस लीक डिटेक्टर लगवाना समझदारी भरा कदम
सुरक्षा के लिहाज से घर में गैस लीक डिटेक्टर लगवाना एक समझदारी भरा कदम है, जो किसी भी लीकेज की स्थिति में तुरंत अलर्ट कर देता है। साथ ही, एक मेन सेफ्टी वाल्व जरूर होना चाहिए, जिसे जरूरत पड़ने पर आसानी से बंद किया जा सके। खाना बनाने के बाद इसे बंद करने की आदत जोखिम को काफी हद तक कम कर देती है।
इसके अलावा, पाइपलाइन और कनेक्शन की समय-समय पर जांच भी जरूरी है। साबुन के घोल से लीकेज की जांच की जा सकती है-अगर बुलबुले बनते हैं तो यह गैस लीकेज का संकेत है। याद रखें, इंस्टॉलेशन या मरम्मत से जुड़ा कोई भी काम हमेशा अधिकृत तकनीशियनों से ही करवाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की समस्या से बचा जा सके।
