वी8 होटल (सोर्स- सोशल मीडिया)
V8 Hotel Automobile Experience: जरा सोचिए, अगर आपका होटल रूम किसी लग्ज़री कार जैसा दिखे और आप उसी के अंदर सोएं तो कैसा अनुभव होगा? जर्मनी के बोब्लिंगेन शहर में स्थित वी8 (V8) होटल मोटरवर्ल्ड रीजन स्टटगार्ट ने इस कल्पना को हकीकत में बदल दिया है। यह होटल कार प्रेमियों के लिए किसी सपनों की दुनिया से कम नहीं, जहां हर कोना ऑटोमोबाइल की थीम पर बना है। यहां ठहरना सिर्फ एक रात बिताना नहीं बल्कि एक अलग तरह का रोमांचक अनुभव लेना है, जो यात्रियों को यादगार एहसास देता है।
इस होटल की सबसे खास बात इसका इतिहास है। स्टटगार्ट के एक पुराने एयरपोर्ट टर्मिनल को रिस्टोर करके इसे बनाया गया है। इमारत को आर्ट नोव्यू स्टाइल में सजाया गया है, जो पुराने दौर की झलक पेश करती है। होटल का इंटीरियर किसी ऑटोमोबाइल म्यूजियम जैसा लगता है, जहां हर जगह विंटेज और रेट्रो कारों का शानदार कलेक्शन देखने को मिलता है।
इस होटल में 150 से ज्यादा कमरे हैं, जो 6 मंजिलों में फैले हुए हैं। हर कमरे को अलग-अलग ऑटोमोबाइल कॉन्सेप्ट पर डिजाइन किया गया है। कहीं बेड कार के अगले हिस्से जैसा दिखता है, तो कहीं पूरा कमरा गैरेज या रेस ट्रैक जैसा बनाया गया है। इन कमरों में ठहरते हुए ऐसा महसूस होता है जैसे आप किसी फिल्म सेट या कार शो के बीच सो रहे हों।
थीम के साथ-साथ होटल में आधुनिक सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है। यहां चार अलग-अलग बार और रेस्तरां मौजूद हैं, जहां मेहमान बेहतरीन खाने का आनंद ले सकते हैं।
इसके अलावा फिटनेस सेंटर, स्पा और सॉना जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। हर कमरे में फ्री वाई-फाई, फ्लैट स्क्रीन टीवी और टेरेस जैसी सुविधाएं दी गई हैं। जिससे मेहमानों को लग्जरी का पूरा अनुभव मिलता है।
यह भी पढ़ें: बच्चा रोएगा नहीं, बल्कि सफर का मजा लेगा! टॉडलर के साथ लंबी ट्रिप के लिए अपनाएं यह जादुई ट्रिक्स
इस अनोखे होटल में ठहरने के लिए पर्यटकों को करीब 25 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। हालांकि, इसकी खास थीम और अनुभव इसे पूरी तरह वर्थ बनाते हैं। आज यह होटल सिर्फ ठहरने की जगह नहीं बल्कि एक बड़ा टूरिस्ट अट्रैक्शन बन चुका है। अगर आप कारों के शौकीन हैं तो यह जगह आपकी बकेट लिस्ट में जरूर होनी चाहिए क्योंकि यहां हर दीवार और हर कमरा ऑटोमोबाइल इतिहास की कहानी बयां करता है।