प्रतीकात्मक इमेज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Tourist Place In India: भारत प्राकृतिक सुंदरता और विविधता से भरा देश है, जहां हर मौसम के साथ नज़ारे बदलते हैं और हर जगह अपनी अलग पहचान रखती है। देश में कई ऐसे टूरिस्ट डेस्टिनेशन हैं जो खूबसूरती के मामले में यूरोप की मशहूर जगहों को भी कड़ी टक्कर देते हैं। इन जगहों में उत्तराखंड का वैली ऑफ फ्लावर्स, सिक्किम की युमथांग वैली, महाराष्ट्र का कास प्लैट्यू ऑफ फ्लावर्स और जुकू वैली शामिल है।
उत्तराखंड की पहाड़ियों में बसी वैली ऑफ फ्लावर्स हिमालयी क्षेत्र की एक बेहद खूबसूरत और प्रसिद्ध घाटी है। इसे यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा दिया गया है। हर साल जून से सितंबर के बीच यहां सैकड़ों किस्मों के रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं। जिससे पूरी घाटी किसी रंगीन चादर जैसी नजर आती है। प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ यह स्थान ट्रेकिंग के शौकीनों के बीच भी खासा लोकप्रिय है।
सिक्किम के उत्तरी हिस्से में लगभग 11,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित युमथांग वैली अपनी बेमिसाल खूबसूरती के लिए जानी जाती है। इसे “वैली ऑफ फ्लावर्स ऑफ द ईस्ट” के नाम से भी पहचान मिली है। अप्रैल से जून के दौरान यहां रोडोडेंड्रॉन सहित कई तरह के अल्पाइन फूल खिलते हैं। जो पूरी घाटी को रंगों से भर देते हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और खिलते फूलों का यह संगम पर्यटकों के लिए किसी जादुई दृश्य से कम नहीं होता।
महाराष्ट्र के सतारा जिले में स्थित कास पठार अपनी समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए खास पहचान रखता है। बारिश के मौसम में यहां सैकड़ों प्रजातियों के जंगली फूल एक साथ खिल उठते हैं। जिससे पूरा इलाका रंग-बिरंगी चादर ओढ़ लेता है। इसी अद्भुत नज़ारे की वजह से इसे ‘महाराष्ट्र की वैली ऑफ फ्लावर्स’ भी कहा जाता है। अपनी अनोखी पारिस्थितिकी के चलते यह क्षेत्र यूनेस्को की बायोडायवर्सिटी साइट में शामिल है और प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है।
यह भी पढ़ें: 6 दिन घूमें अंडमान, खर्च होंगे बस इतने रुपए, जानें ट्रिप की पूरी डिटेल
नागालैंड और मणिपुर की सीमा पर स्थित जुकू वैली नॉर्थ ईस्ट इंडिया की सबसे खूबसूरत घाटियों में से एक है। यहां मानसून के दौरान हरियाली के साथ जुकू लिली समेत कई फूल खिलते हैं। यह जगह ट्रेकिंग और नेचर लवर्स के बीच काफी लोकप्रिय है। सोशल मीडिया पर भी यह जगह काफी ज्यादा ट्रेंड में रहती है।