देव दीपावली (सौ. सोशल मीडिया)
Dev Deepawali 2025: भारत में दीपों का पर्व देव दीपावली एक ऐसा अवसर है जिसमें आस्था, सौंदर्य और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलती है। हर साल यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। जिसे भगवान शिव और देवताओं के स्वागत का प्रतीक माना गया है। इस दिन देश के कई हिस्सों में धार्मिक कार्यक्रम होते हैं और पर्यटन स्थल दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। अगर आप भी इस देव दीपावली पर घूमने का प्लान कर रहे हैं तो कुछ बेहतरीन जगह आपका दिल छू सकती हैं।
गंगा घाटों पर देव दीपावली के दिन दिव्य दृश्य देखने को मिलता है। बनारस में दशाश्वमेध, अस्सी, पंचगंगा और राजघाट जैसे घाटों पर लाखों दीप जलाए जाते हैं। गंगा आरती के बीच पूरा वातावरण स्वर्ग जैसे लगता है। इस दिन घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा आरती और दीपदान देखने देश विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं।
गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम यानी प्रयागराज में देव दीपावली का दृश्य अत्यंत मनमोहक होता है। घाटों पर दीपक जलते हैं और रंग बिरंगी रोशनी के बीच श्रद्धालु स्नान करते हैं। यहां की भव्यता वाराणसी से किसी भी मायने में कम नहीं है।
महाकाल की नगरी उज्जैन में देव दीपावली बहुत शानदार तरीके से मनाई जाती है। यहां महाकालेश्वर मंदिर और शिप्रा नदी के किनारे हजारों दीप जलाए जाते हैं। पूरा शहर दीवाली जैसी रौनक में डूब जाता है। इस दिन भक्त महाकाल की आराधना करते हुए दीप जलाते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
यह भी पढ़ें:- नवंबर में परिवार के साथ घूमने का है प्लान, इन जगहों पर यादगार होगी ट्रिप
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा किनारे हर की पौड़ी पर देव दीपावली का आयोजन बहुत भव्य तरीके से किया जाता है। इस जगह पर दिखने वाला दृश्य आंखों को सुकून देने वाला होता है। यहां की आरती और दीपदान आत्मा को शांति देने वाला अनुभव कराती है।
देव दीपावली न सिर्फ धार्मिक आस्था का त्यौहार है बल्कि यह भारतीय संस्कृति की दिव्यता और सौंदर्य का चलता फिरता उदाहरण है। इस बार अगर आप आध्यात्मिक माहौल और रोशनी में डूबना चाहते हैं तो इन स्थलों पर यात्रा का प्लान कर सकते हैं। इन जगहों पर जाना एक यादगार अनुभव होगा।