

YouTube Ask Feature: AI के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए YouTube ने भी अपने वीडियो देखने और उनसे जुड़ी जानकारी खोजने के तरीके में बदलाव करते हुए उसमें AI फीचर्स पर अलग से काम करना शुरू कर दिया है। इसमें कंपनी का Ask YouTube टूल यूजर्स को सामान्य सर्च की जगह बातचीत के अंदाज में सवाल पूछने की सुविधा देता है।
इससे वीडियो खोजते समय केवल छोटे-छोटे कीवर्ड टाइप करने के बजाय यूजर अपनी जरूरत विस्तार से बता सकते हैं। लेकिन इस फीचर की उपलब्धता फिलहाल सीमित बाजारों और यूजर्स तक है। वहीं भारतीय यूजर्स को इसके लिए अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना पड़ेगा।
जैसा की सभी को पता है कि पारंपरिक YouTube सर्च में यूजर को अपनी जरूरत के मुताबिक वीडियो ढूंढने के लिए अलग-अलग कीवर्ड आजमाने पड़ सकते हैं। लेकिन Ask YouTube में वे सीधे सवाल पूछ सकते हैं। उदाहरण के लिए देखे तो अगर किसी को घर पर वर्कआउट करना सीखना है तो वह अपनी जरूरत के हिसाब से पूरा सवाल लिख सकता है।
जिसको देखते हुए यह AI टूल संबंधित वीडियो, Shorts और उपयोगी टेक्स्ट को एक इंटरैक्टिव फॉर्मेट में पेश करता है। इसमें यूजर पहले जवाब के बाद फॉलो-अप सवाल पूछकर अपनी खोज को और सटीक बना सकते हैं। इससे एक ही विषय पर अलग-अलग वीडियो खोजने में लगने वाला समय कम हो सकता है।
जानकारी के लिए बता दें कि YouTube ने 12 अक्टूबर 2026 को अपने आधिकारिक ब्लॉग में Ask YouTube को मोबाइल डिवाइसेज तक विस्तार देने की घोषणा की थी। इसके बाद अमेरिका के यूजर्स के लिए यह फीचर वेब, मोबाइल और टीवी पर उपलब्ध हो गया है।
वहीं स्मार्ट टीवी पर यूजर रिमोट के माइक्रोफोन की मदद से भी सवाल पूछ सकते हैं। वहीं कंपनी ने इस फीचर को पहली बार मई 2026 में Google I/O इवेंट के दौरान पेश किया था। जिसका मकसद सिर्फ वीडियो की सूची दिखाना नहीं बल्कि यूजर के सवाल के हिसाब से उपयोगी कंटेंट खोजने में मदद करना है।
YouTube की योजना Ask YouTube को वीडियो के वॉच पेज पर और उपयोगी बनाने की है। जिसको लेकर कंपनी बताती है कि जल्द ही दर्शक Shorts और लाइव स्ट्रीम देखते समय भी इस फीचर के जरिए सवाल पूछ पाएगे। जिससे वीडियो में चल रही गतिविधि या किसी खास विषय के बारे में अतिरिक्त जानकारी हासिल करना आसान हो सकता है। लेकिन इस सुविधा के विस्तार की सटीक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
वैसे भारतीय यूजर्स के लिए अभी सबसे अहम सवाल इसकी उपलब्धता है। YouTube की 12 अक्टूबर की घोषणा में मोबाइल रोलआउट अमेरिका के लिए बताया गया है। ऐसे में भारत में इसे कब लॉन्च किया जाएगा इसकी कोई निश्चित तारीख कंपनी ने नहीं दी है।
इसलिए भारतीय यूजर्स को अभी इसके ग्लोबल रोलआउट से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। साथ ही यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि AI से मिलने वाले जवाब और वीडियो सुझाव हमेशा पूरी तरह सटीक हों इसकी गारंटी नहीं है। जरूरी जानकारी के लिए वीडियो के स्रोत और दावों की जांच करना किसी भी यूजर्स के लिए बेहतर होगा।