

Things To Consider When Buying An Air Purifier: दिवाली के बाद दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है। ऐसे में लोग घर के अंदर भी प्रदूषण से बचने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक छोटा सा एयर प्यूरीफायर हवा में मौजूद PM 2.5, धूल और धुएं के बारीक कणों को आखिर कैसे साफ करता है?
इसके लिए मशीन में कई तरह के फिल्टर और खास टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है। इसमें खास बात यह है कि एयर प्यूरीफायर सिर्फ धूल हटाने का काम नहीं करता बल्कि सही फिल्टर वाला मॉडल कुछ गैसों और बदबू को भी कम कर सकता है। ऐसे में आइए समझते हैं इसकी पूरी टेक्नोलॉजी और खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
एयर प्यूरीफायर को ऑन करते ही इसके अंदर लगा पंखा कमरे की हवा को खींचकर मशीन में भेजता है। सबसे पहले हवा प्री-फिल्टर से गुजरती है। यह एक जाली की तरह होता है जो धूल, बाल, कपड़ों के रेशे और पालतू जानवरों के फर जैसे बड़े कणों को रोक लेता है।
साथ ही इससे मुख्य फिल्टर पर गंदगी का दबाव कम पड़ता है। कई मॉडल में प्री-फिल्टर को निकालकर साफ भी किया जा सकता है। लेकिन इसे साफ करने का तरीका कंपनी के निर्देशों के अनुसार ही अपनाना चाहिए।
एयर प्यूरीफायर का सबसे अहम हिस्सा HEPA यानी High Efficiency Particulate Air फिल्टर होता है। यह बेहद बारीक फाइबर की कई परतों से बना होता है। इनके बीच से हवा गुजरती है तो धूल, परागकण, फंगस के स्पोर्स और प्रदूषण के सूक्ष्म कण इसमें फंस जाते हैं।
EPA ने इसको लेकर बताया है कि असली HEPA फिल्टर 0.3 माइक्रोन आकार के कणों को कम से कम 99.97% दक्षता से पकड़ सकता है। यही वजह है कि PM 2.5 जैसे प्रदूषकों को कम करने में यह काफी उपयोगी है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर तरह के वायरस और गैसें भी फिल्टर हो जाती हैं।
HEPA फिल्टर जहां धूल और बारीक कणों को रोकता है वहीं एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर का काम अलग है। इसमें मौजूद छिद्रयुक्त कार्बन कुछ गैसों, केमिकल की गंध और धुएं से जुड़े प्रदूषकों को अपनी सतह पर पकड़ता है। इसकी क्षमता कार्बन की मात्रा और गुणवत्ता पर निर्भर करती है।
कुछ एयर प्यूरीफायर में UV-C लाइट और आयोनाइजर भी दिए जाते हैं। लेकिन इन्हें अतिरिक्त फीचर समझें हवा को साफ करने की गारंटी नहीं। ओजोन पैदा करने वाले मॉडल से बचना चाहिए क्योंकि ओजोन सांस की नलियों को नुकसान पहुंचा सकती है।
एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले सिर्फ ब्रांड या कीमत न देखें। इन बातों पर भी ध्यान दें:
CADR: यह बताता है कि मशीन कितनी तेजी से साफ हवा उपलब्ध करा सकती है। अपने कमरे के आकार के अनुसार CADR चुनें।
फिल्टर क्वालिटी: True HEPA और पर्याप्त मात्रा वाले एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर को प्राथमिकता दें।
मेंटेनेंस खर्च: फिल्टर की कीमत, बदलने की जरूरत और उपलब्धता पहले जांच लें।
शोर और बिजली: रात में इस्तेमाल के लिए नॉइज लेवल और बिजली की खपत भी देखें।
इसमें ध्यान रखें कि एयर प्यूरीफायर पूरे घर की हवा अपने आप साफ नहीं करता। इसे उस कमरे में लगाएं जहां आप सबसे ज्यादा समय बिताते हैं। दरवाजे-खिड़कियां बंद रखना और समय पर फिल्टर बदलना भी जरूरी है। दिल्ली-NCR जैसे प्रदूषित शहरों में सही क्षमता वाला एयर प्यूरीफायर घर के अंदर PM 2.5 का स्तर कम करने में मदद कर सकता है।