

Highlight:
Temple दिमाग में खून के बहाव से जुड़े बदलावों को ट्रैक कर सकता है।
इसकी कीमत करीब 85,000 रुपये रखी गई है और 1 नवंबर से प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं।
यह PPG यानी फोटोप्लेथिस्मोग्राफी तकनीक का इस्तेमाल करता है।
Temple Device Price In India: Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल का नया वियरेबल डिवाइस Temple इन दिनों चर्चा में है। स्मार्टवॉच की तरह कलाई पर पहने जाने वाला यह गैजेट कनपटी के पास त्वचा पर चिपकाया जाता है। जिसको लेकर कंपनी का दावा है कि यह दिमाग में खून के बहाव से जुड़े बदलावों को ट्रैक कर सकता है। इसके साथ ही यह Entropy नाम का स्कोर भी देता है जिसे शरीर की स्थिति समझने का एक तरीका बताया गया है। वहीं भारत में इसकी कीमत करीब 85,000 रुपये रखी गई है और 1 नवंबर से प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं। लेकिन इसके वैज्ञानिक दावों पर डॉक्टरों ने सवाल उठाए हैं। आखिर Temple कितना भरोसेमंद है?
Temple में हरे, लाल और इंफ्रारेड प्रकाश वाले ऑप्टिकल सेंसर लगे हैं। यह PPG यानी फोटोप्लेथिस्मोग्राफी तकनीक का इस्तेमाल करता है। इसमें सेंसर त्वचा पर रोशनी डालते हैं और वापस आने वाली रोशनी में बदलाव को रिकॉर्ड करते हैं। इसके आधार पर डिवाइस Brain Flow नाम का इंडेक्स तैयार करता है। वहीं इसमें ध्यान देने वाली बात है कि यह इंडेक्स दिमाग तक पहुंचने वाले खून की वास्तविक मात्रा नहीं बताता। यह कंपनी के एल्गोरिदम से तैयार किया गया एक स्कोर है।
कनपटी के पास मौजूद रक्त वाहिकाएं सिर की त्वचा को खून पहुंचाती हैं जबकि दिमाग तक रक्त पहुंचाने का काम मुख्य रूप से दूसरी धमनियां करती हैं। ऐसे में सवाल है कि त्वचा पर लगे सेंसर से मिलने वाला सिग्नल दिमाग के भीतर रक्त प्रवाह में बदलाव को कितनी विश्वसनीयता से दर्शाता है। जिसमें यह भी बताया गया है कि एक्सरसाइज के दौरान त्वचा में रक्त संचार बढ़ सकता है। सेंसर इस बदलाव को रिकॉर्ड कर सकता है लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि दिमाग में भी उतना ही बदलाव हुआ है।
सितंबर 2026 में MedRxiv पर प्रकाशित एक शुरुआती स्टडी में 23 स्वस्थ लोगों पर Temple के Brain Flow इंडेक्स की तुलना Transcranial Doppler (TCD) टेस्ट से की गई। TCD अल्ट्रासाउंड के जरिए दिमाग की धमनियों में खून की गति मापता है।
वहीं एक्सरसाइज और शरीर की पोजिशन बदलने के दौरान दोनों रीडिंग में अच्छा तालमेल दिखा। Pearson Correlation क्रमशः 0.795 और 0.799 रहा। लेकिन इसे 80 फीसदी सटीकता समझना गलत होगा। यह सिर्फ बताता है कि दोनों रीडिंग किस हद तक एक साथ बदलीं। साथ ही स्टडी में प्रतिभागियों की संख्या कम थी और यह प्रीप्रिंट है जिसका सीधा मतलब है कि इसकी पीयर-रिव्यू प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। रिसर्च को Temple Pvt Ltd से फंडिंग भी मिली थी। इसलिए स्वतंत्र अध्ययन जरूरी होंगे।
Temple का Entropy स्कोर 1 से 250 के बीच होता है। कंपनी के मुताबिक नींद, तनाव, एक्सरसाइज और कैफीन जैसी चीजें इसे प्रभावित कर सकती हैं। लेकिन इसके वैज्ञानिक आधार पर अभी रिसर्च सार्वजनिक नहीं हुई है। दीपिंदर गोयल ने 8 नवंबर को स्पष्ट किया कि Temple मेडिकल डिवाइस नहीं बल्कि फिटनेस और AI डिवाइस है। यह बीमारी की पहचान या इलाज के लिए नहीं बना है। उन्होंने Brain Flow की गणना और सीमाओं पर विस्तृत जानकारी साझा करने की बात भी कही है। अभी के लिए Temple एक दिलचस्प तकनीकी प्रयोग है लेकिन इसे दिमाग की सेहत या उम्र बढ़ने का प्रमाणित पैमाना मानना जल्दबाजी होगी।