

Air Purifier Filter : दिल्ली एनसीआर की एयर क्वालिटी को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है, लेकिन इसका असर घरों के अंदर कितनी गहराई तक पहुंच चुका है, इसका अंदाजा बहुत कम लोगों को होता है। इसी सच्चाई को सामने लाने का काम किया है इंस्टाग्रामर एंडी इवांस ने, जिन्हें लोग प्यार से “ऑसी भाई” भी कहते हैं।
एंडी ने दो महीने बाद अपने घर के एयर प्यूरीफायर को साफ किया और जो नजारा सामने आया, उसने सोशल मीडिया यूजर्स को चौंका दिया। फिल्टर पर जमी धूल और गंदगी देखकर यह साफ हो गया कि दिल्ली की हवा कितनी जहरीली हो चुकी है।
वायरल वीडियो में एंडी जब एयर प्यूरीफायर का फिल्टर निकालते हैं, तो उस पर धूल की परत इतनी मोटी नजर आती है कि वह कपड़े जैसी लगती है। फिल्टर पूरी तरह काला पड़ चुका था, मानो महीनों तक किसी धुएं के गुबार में रखा गया हो।
एंडी यह दिखाने की कोशिश करते हैं कि अगर एयर प्यूरीफायर न हो, तो यही प्रदूषण हमारे फेफड़ों में जाता है। वीडियो में बिना किसी एक्स्ट्रा ड्रामे के सिर्फ सच्चाई दिखाई गई है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि वे रोज कैसी हवा में सांस ले रहे हैं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि अब उन्हें दिल्ली की एयर क्वालिटी पर कोई शक नहीं रहा। एक यूजर ने मजाक में कमेंट किया, “यहां बस दो साल और रुको, फिर एयर प्यूरीफायर की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।”
कुछ लोगों ने चिंता जताई कि अगर दो महीने में फिल्टर का यह हाल है, तो इंसानों की सेहत पर इसका असर कितना खतरनाक होगा। कुल मिलाकर यह वीडियो दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण की हकीकत को बिना शब्दों के बयां कर देता है और लोगों को अपनी सेहत को लेकर सतर्क रहने का संदेश भी देता है।