

नई दिल्ली: आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद बेंगलुरु में विजय परेड का आयोजन किया गया था। इस जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि 33 से अधिक लोग घायल है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 साल बाद पहली बार आईपीएल का ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही लेकिन इस जीत का जश्न मातम में बदल गया। जिसके बाद भारत के पूर्व क्रिकेटरों ने दुख व्यकत किया। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने इसे भयावह बताया है।
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आरसीबी की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि यह बहुत ही भयावह त्रासदी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बेंगलुरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम पर जो भी हुआ, वह भयावह है। हर प्रभावित परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। सभी को सुकून और शक्ति मिले।
दक्षिण अफ्रीका और आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने लिखा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम पर हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं और प्रार्थना। भारत के पूर्व कप्तान और कोच और बेंगलुरू के रहने वाले अनिल कुंबले ने इसे क्रिकेट के लिये दुखद दिन करार दिया। उन्होंने लिखा कि क्रिकेट के लिये दुखद दिन। आरसीबी की जीत का जश्न मनाने में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।
युवराज सिंह ने लिखा कि जश्न का पल अकल्पनीय त्रासदी में बदल गया । बेंगलुरु हादसे से प्रभावित हर एक के प्रति मेरी संवेदना। दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उनके परिवार को शक्ति।
यह हादसा आनन फानन में कराए गए समारोह के कारण हुआ। लाखों लोगों की भीड़ को पुलिस प्रशासन व्यवस्थित नहीं कर सकी और ये घटना हुआ। इस घटना के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं घायलों का इलाज पास के व्याधि अस्पताल और बोरिंग अस्पताल में चल रहा है। (भाषा इनपुट के साथ)