AI जनरेटेड फोटो
Pakistan Hockey Team News: टी20 विश्व कप 2026 में भारत से हार के बाद पाकिस्तान की क्रिकेट टीम पहले ही आलोचनाओं का सामना कर रही है। इसी बीच पाकिस्तान हॉकी से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है। पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, जहां उसने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की प्रो लीग के दूसरे चरण में हिस्सा लिया। लेकिन इस दौरे के दौरान खिलाड़ियों को गंभीर अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा, जिससे खेल जगत में हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार टीम की होटल व्यवस्था के लिए एक करोड़ पाकिस्तानी रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई थी। इसके बावजूद खिलाड़ियों को सिडनी हवाई अड्डे पर 13 से 14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस घटना ने न केवल खिलाड़ियों को निराश किया, बल्कि प्रशंसकों के बीच भी नाराजगी पैदा कर दी।
देश लौटने के बाद टीम के कप्तान अम्माद बट ने मीडिया से बातचीत में पूरे मामले को उजागर किया। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान खिलाड़ियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उनके बयान के बाद पाकिस्तान के खेल गलियारों में हलचल तेज हो गई। अम्माद बट ने टीम प्रबंधन और हॉकी संघ के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं तक ठीक से उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं।
कप्तान के आरोपों के बाद पाकिस्तान हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तारिक बुगाती ने कड़ा रुख अपनाते हुए अम्माद बट पर दो वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया। हालांकि इस फैसले के कुछ ही समय बाद बुगाती ने अपने पद से त्यागपत्र भी दे दिया।
त्यागपत्र में उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख से ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया। इस घटनाक्रम ने महासंघ की कार्यशैली पर और अधिक सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में फजीहत, घर में लीपापोती…दुनियाभर में पाकिस्तान की हुई बेइज्जती, खिलाड़ियों ने बयां किया दर्द
अम्माद बट ने यह भी आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को लंबे समय से दैनिक भत्ता नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पाकिस्तान खेल बोर्ड और हॉकी महासंघ के अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद दोनों संस्थाओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एक-दूसरे पर दोषारोपण से स्थिति और उलझती जा रही है। इस पूरे विवाद ने पाकिस्तान हॉकी प्रशासन की स्थिति को कठघरे में खड़ा कर दिया है और खेल प्रेमियों के बीच चिंता बढ़ा दी है।