Australian Open 2026: नोवाक जोकोविच ने रचा इतिहास, ग्रैंड स्लैम में 400वीं जीत दर्ज करने वाले पहले खिलाड़ी बने
Novak Djokovic: ऑस्ट्रेलिया ओपन में टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने जैंडस्चुल्प को हराया। वहीं नोवाक जोकोविच ने ग्रैंड स्लैम में अपना 400वां जीत दर्ज किया।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
नोवाक जोकोविच (फोटो-सोशल मीडिया)
Novak Djokovic Win 400 Matches: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने इतिहास रच दिया। वो शनिवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन का मैच जीतने के साथ ही ग्रैंड स्लैम में 400वीं जीत दर्ज करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में 102वीं जीत दर्ज की है।
चौबीस बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन जोकोविच ऑस्ट्रेलियाई ओपन के तीसरे दौर के मैच में बोटिक वान डे जैंडस्चुल्प को 6-3, 6-4, 7-6 से हराकर ग्रैंड स्लैम एकल मुकाबलों में 400 वीं जीत दर्ज करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन में उनका जीत-हार रिकॉर्ड 102-10 हो गया, जो इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक मैच जीत के मामले में रोजर फेडरर के करियर रिकॉर्ड की बराबरी है।
ग्रैंड स्लैम में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी का नाम | ग्रैंड स्लैम मैच जीतें |
|---|---|
| नोवाक जोकोविच | 400 |
| रोजर फेडरर | 369 |
| राफेल नडाल | 314 |
| जिमी कॉनर्स | 233 |
| आंद्रे अगासी | 224 |
| इवान लेन्डल | 222 |
| पीट सांप्रास | 203 |
| एंडी मरे | 200 |
| स्टीफन एडबर्ग | 178 |
| जॉन मैकएनरो | 167 |
10 बार जीत चुके ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब
जोकोविच अब तक ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब 10 बार जीत चुके हैं, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक है। 38 वर्षीय जोकोविच इस बार अपने करियर का 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ ऑस्ट्रेलिया में खेल रहे हैं। वह अगर ऐसा करने में सफल रहे तो सर्वकालिक सबसे सफल टेनिस खिलाड़ी बन जायेंगे।
सम्बंधित ख़बरें
RR vs SRH: बेकार गया वैभव सूर्यवंशी का विस्फोटक शतक, हैदराबाद ने 229 रन चेज कर राजस्थान को दूसरी बार हराया
भारतीय हॉकी को लगा बड़ा झटका, ओलंपियन गुरबख्श सिंह ग्रेवाल का 84 वर्ष की उम्र में निधन
IPL ‘थप्पड़कांड’ में नया मोड़, श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर लगाए गंभीर आरोप, सोशल मीडिया पर किया ब्लॉक
IND-W vs SA-W: सीरीज गंवाने के बाद साख बचाने उतरेगी टीम इंडिया, जोहान्सबर्ग में टॉस बनेगा गेम चेंजर
जोकोविच ने जैंडस्चुल्प को हराया
जैंडस्चुल्प के खिलाफ मुकाबले में नोवाक जोकोविच शुरुआत से ही पूरी तरह नियंत्रण में नजर आए। तीसरे सेट में कुछ पलों को छोड़ दिया जाए तो उन्हें किसी तरह की गंभीर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। हालांकि तीसरे गेम में एक बार वह फिसलकर कोर्ट पर गिर पड़े, जबकि 12वें गेम में उन्हें दो सेट प्वाइंट का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद जोकोविच ने धैर्य और अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup में बांग्लादेश की जगह इस टीम की हुई एंट्री, ICC ने किया ऐलान
तीसरे गेम के बाद चेंजओवर के दौरान जोकोविच ने मेडिकल टाइमआउट लिया, जहां फिजियो ने उनके दाएं पैर के अगले हिस्से पर टेप लगाया। इसके तुरंत बाद उन्होंने एक शानदार फोरहैंड विनर लगाकर शुरुआती संकट को टाल दिया और मैच की लय अपने पक्ष में बनाए रखी।
दर्शकों ने बढ़ाया उत्साह
मैच के दौरान दर्शकों ने “नोले, नोले, नोले” के नारों के साथ जोकोविच का उत्साह बढ़ाया। दमदार सर्विस और सटीक शॉट्स के दम पर उन्होंने टाईब्रेक तक पहुंचते हुए सेट अपने नाम किया। जोकोविच इस बात से खासे खुश नजर आए कि उन्हें रात्रि सत्र में खेलने का मौका मिला, खासकर उस दिन जब टूर्नामेंट में अत्यधिक गर्मी की नीति लागू करनी पड़ी थी। इससे पहले दो बार के गत चैंपियन यानिक सिनर को दोपहर की कठिन परिस्थितियों में कड़ा संघर्ष करना पड़ा था।
मैच के बाद नोवाक जोकोविच ने क्या कहा?
मैच के बाद जोकोविच ने कहा कि टूर्नामेंट के इस चरण में उनका शरीर अच्छा महसूस कर रहा है, लेकिन वह बहुत आगे की नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत रही है। पिछले साल मैंने एक अहम सबक सीखा। कुछ ग्रैंड स्लैम में मैं बहुत जल्दी उत्साहित हो गया था और चार में से तीन में चोटिल हो गया।”
तीन सतह पर 100 से ज्यादा जीत दर्ज करने वाले पहले खिलाड़ी
रैंकिंग में सबसे लंबे समय तक विश्व नंबर एक रहने वाले जोकोविच ने इस जीत के साथ एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की। वह ग्रैंड स्लैम इतिहास में तीन अलग-अलग सतहों पर 100 या उससे अधिक मैच जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनके नाम विंबलडन में घास के कोर्ट पर 102 जीत, रोलां गैरां (फ्रेंच ओपन) में क्ले कोर्ट पर 101 जीत और ऑस्ट्रेलियन ओपन में हार्ड कोर्ट पर 100 से अधिक जीत दर्ज हैं।
