लक्ष्य सेन ने हमवतन एचएस प्रणय को दी करारी शिकस्त, क्वार्टर फाइनल में की एंट्री

लक्ष्य सेन ने क्वार्टर फाइनल में प्रणॉय को हराकर जगह बना ली है। उन्होंने पहले गेम में प्रणॉय को 21-12 से हराया, फिर दूसरे गेम में 21-6 से हराया। हालांकि प्रणॉय ने मुकाबले में कड़ी टक्कर दी।
Lakshya Sen in quarter final after defeated HS Prannoy in Paris Olympics 2024
लक्ष्य सेन (सौजन्यः एक्स)
Published on: 
Updated on: 

पेरिस: पेरिस ओलंपिक में बैडमिंटन पुरुष एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन कर भारत के ही एचएस प्रणय को एकतरफा मुकाबले में सीधे गेम में हरा दिया। इसी के साथ उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जगह भी बना ली है। लक्ष्य ने 39 मिनट चले अंतिम 16 के मुकाबले में प्रणय को 21-12, 21-6 से शिकस्त दी।

लक्ष्य की प्रणय के खिलाफ आठ मैच में यह पांचवीं जीत है। क्वार्टर फाइनल में हालांकि लक्ष्य की राह आसान नहीं होगी। गैर वरीय लक्ष्य अंतिम आठ में 12वें वरीय और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीनी ताइपे के चाउ टिएन चेन से भिड़ेंगे जिन्होंने जापान के पांचवें वरीय कोडाई नाराओका को 21-12, 21-16 से हराया।

प्रणय के खिलाफ लक्ष्य शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आए। प्रणय मैच के दौरान बिल्कुल भी लय में नहीं दिए और उन्हें प्रत्येक अंक जुटाने के लिए काफी जूझना पड़ा। वह पूरे मुकाबले के दौरान कभी भी लक्ष्य को चुनौती पेश करने की स्थिति में नहीं दिखे।

लक्ष्य ने शानदार स्मैश लगाए जबकि नेट पर भी शानदार खेल दिखाया। बाइस साल के लक्ष्य ने पहले गेम में अच्छी शुरुआत करते हुए 7-4 की बढ़त बनाई और फिर ब्रेक तक 11-6 की बड़ी बढ़त हासिल करने में सफल रहे। विश्व चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने 32 साल के प्रणय की लगातार गलतियों का फायदा उठाकर बढ़त को 13-6 तक पहुंचाया।

उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले लक्ष्य ने लगातार चार अंक के साथ बढ़त को 18-9 किया। लक्ष्य ने 19-12 के स्कोर पर प्रणय के शॉट वापस लौटाने में नाकाम रहने पर आठ गेम प्वाइंट हासिल किए और फिर विरोधी खिलाड़ी के अगला शॉट बाहर मारने पर पहला गेम 21 मिनट में 21-12 से जीत लिया।

दूसरे गेम में लक्ष्य ने पूरी तरह से दबदबा बनाते हुए 6-1 की बढ़त बनाई। प्रणय के पास विरोधी खिलाड़ी के खेल का कोई जवाब नहीं था जिससे लक्ष्य ने ब्रेक तक 11-3 की काफी बड़ी बढ़त बना ली और फिर स्कोर 14-3 किया। लक्ष्य ने बढ़त को 19-5 किया और फिर प्रणय के बाहर शॉट मारने पर 15 मैच प्वाइंट हासिल किए। प्रणय ने एक मैच प्वाइंट बचाया लेकिन फिर अगला शॉट बाहर मारकर गेम और मैच लक्ष्य की झोली में डाल दिया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com