भारतीय हॉकी टीम (सौजन्यः सोशल मीडिया)
पेरिस: पेरिस ओलंपिक 2024 का आगाज 26 जुलाई से होने वाला है, यह खेलों का महाकुंभ 11 अगस्त तक चलने वाला है। इस बार भारत की हॉकी टीम पर भारत को काफी भरोसा है। भारत का ओलंपिक में वैसे भी गोल्डन इतिहास रहा है। भारतीय हॉकी टीम ने अब तक ओलंपिक में 12 पदक जीते हैं, जिसमें 8 स्वर्ण, 1 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है।
साल 1928 के एम्सटर्डम ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने पहली बार खेला था। इसी साल भारत ने पहला ओलंपिक गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। उसके बाद भारतीय हॉकी ने लगातार छह ओलंपिक में गोल्ड मेडल हासिल किए थे। आज के दौर में ओलंपिक के हॉकी खेल में सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल भारत के नाम ही है। हालांकि पिछले कई सालों से भारत गोल्ड नहीं जीत पाया है।
चलिए जानते हैं भारत के हॉकी टीम का ओलंपिक में इतिहास-
1928 एम्स्टर्डम: ये वो ही साल है जब भारत ने पहली बार ओलंपिक में हॉकी में गोल्ड मेडल जीता था। उस समय ध्यान चंद 14 गोल दागकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने और सुर्खियां बटोरी। भारत ने फाइनल में नीदरलैंड्स को 3-0 से हराया था।
1932 लॉस एंजिल्स: यहां भी भारत ने शानदार खेल दिखाया था। ध्यान चंद के भाई रूप सिंह ने पहले मैच में ही 10 गोल दागकर रिकॉर्ड बनाया। भारत ने फाइनल में जापान को 11-1 से हराकर दूसरा गोल्ड अपने नाम किया था।
1936 बर्लिन: इस ओलंपिक में भारत ने अपना तीसरा गोल्ड मेडल हासिल किया। भारत ने फाइनल में जर्मनी को 8-1 से हराया था। ध्यान चंद ने इस टूर्नामेंट के बाद संन्यास ले लिया था।
1948 लंदन: यह ओलंपिक द्वितीय विश्व युद्ध के बाद लंदन में खेला गया था। भारत ने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में यहां पहला गोल्ड मेडल जीता था। बलबीर सिंह सीनियर नायक खिलाड़ी थे। यहां फाइनल में भारत ने मेजबान ग्रेट ब्रिटेन को 4-0 से हराकर गोल्ड हासिल किया था।
यह भी पढ़ें- पेरिस ओलंपिक से गोल्ड लाएंगे ये भारतीय धुरंधर, इन 5 खिलाड़ियों से हैं खेल प्रेमियों को उम्मीदें
1952 हेलसिंकी: भारत का दबदबा जारी रहा. बलबीर सिंह सीनियर ने इस बार भी कमाल किया था और फाइनल में नीदरलैंड्स को 6-1 से हराकर गोल्ड जीता था।
1956 मेलबर्न: बलबीर सिंह सीनियर ने यहां भी शानदार प्रदर्शन किया। मेलबर्न में खेले गए इस ओलंपिक में भारत ने पाकिस्तान को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
1964 टोक्यो: भारत का 1964 के फाइनल में फिर पाकिस्तान का सामना हुआ। इस ओलंपिक में भारत ने पेनल्टी स्ट्रोक की बदौलत 1-0 से जीत हासिल की और गोल्ड मेडल हासिल की।
1980 मॉस्को: भारत ने 1980 में फिर अच्छा प्रदर्शन किया और फाइनल में स्पेन को 4-3 से हराकर अपना आठवां और आखिरी ओलंपिक गोल्ड मेडल हासिल किया।
1960 रोम: भारत ने ओलंपिक में अब तक केवल एक सिल्वर मेडल जीता है।
1968, 1972 और 2020 ओलंपिक: भारतीय हॉकी टीम ने मैक्सिको 1968, म्यूनिख 1972 और टोक्यो 2020 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।