सलीमा टेटे (फोटो-सोशल मीडिया)
FIH Women’s Hockey World Cup 2026 Qualifiers: अनुभवी गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया ने निजी कारणों से महिला विश्व कप क्वालीफायर से अपना नाम वापस ले लिया है। इस बीच हॉकी इंडिया ने रविवार को 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की, जिसकी कमान मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 8 मार्च को उरुग्वे के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम 9 मार्च को स्कॉटलैंड और 11 मार्च को वेल्स से भिड़ेगी।
एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर का आयोजन 8 से 14 मार्च तक हैदराबाद में होगा। इस टूर्नामेंट में मेजबान भारत के अलावा इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया की टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों के बीच अगस्त में बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए तीन क्वालीफिकेशन स्थानों की होड़ होगी।
टीमों को दो पूल में बांटा गया है। पूल ए में इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया शामिल हैं, जबकि पूल बी में भारत, स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स को रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, सविता ने पारिवारिक कारणों से राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा नहीं लिया और इसी वजह से उनके नाम पर चयन के लिए विचार नहीं किया गया। टीम की कप्तानी सलीमा टेटे संभालेंगी। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी बंसरी सोलंकी और बिचू देवी खारीबाम साझा करेंगी। रक्षा पंक्ति में सुशीला चानू पुखरामबम, निक्की प्रधान, मनीषा चौहान, उदिता और इशिका चौधरी को शामिल किया गया है।
मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ नेहा, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, रुतजा ददासो पिसल और दीपिका सोरेंग जिम्मेदारी निभाएंगी। वहीं, अग्रिम पंक्ति में नवनीत कौर, इशिका, लालरेमसियामी, ब्यूटी डुंगडुंग, बलजीत कौर और अन्नू को जगह मिली है।
मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, “हम अपने पहले संयुक्त टूर्नामेंट को लेकर उत्साहित हैं। टीम फिटनेस और रणनीति पर कड़ी मेहनत कर रही है ताकि हर खिलाड़ी अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से समझ सके। हैदराबाद में दो अभ्यास मैचों के जरिए हम मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार होंगे।”
यह भी पढ़ें: इजरायल-ईरान जंग की जद में आई पीवी सिंधु…दुबई एयरपोर्ट पर घंटो से फंसी, सोशल मीडिया पर बताया कैसे हैं हालात
गोलकीपर: बंसरी सोलंकी, बिचू देवी खारीबम
डिफेंडर: सुशीला चानू पुखरामबम, निक्की प्रधान, मनीषा चौहान, उदिता, इशिका चौधरी।
मिडफील्डर: नेहा, सलीमा टेटे, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, रुतजा दादासो पिसल, दीपिका सोरेंग।
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, इशिका, लालरेमसियामी, ब्यूटी डुंगडुंग, बलजीत कौर, अन्नू।