

श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।
ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़ और कुलदीप यादव की प्लेइंग-11 में वापसी हुई।
मोहम्मद सिराज लगातार चौथे मैच में प्लेइंग-11 से बाहर रहे।
India Playing 11 vs New Zealand Mohammed Siraj: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में बड़े फेरबदल देखने को मिले, लेकिन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के हाथ एक बार फिर निराशा लगी है।
शुक्रवार, 13 नवंबर को बे ओवल मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मैच में ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़ और कुलदीप यादव की वापसी तो हुई, लेकिन सिराज को लगातार चौथे मैच में बेंच पर ही बैठना पड़ा।
मोहम्मद सिराज को मौजूदा वनडे सीरीज में अब तक एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला है। गौरतलब है कि सिराज 19 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भी भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं।
ऐसे में उन्हें वनडे मैचों से लगातार बाहर रखने के बजाय टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए रिलीज किया जाना ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता था। बिना मैच प्रैक्टिस के सीधे लाल गेंद के क्रिकेट में उतरना सिराज की लय पर असर डाल सकता है।
नियमित कप्तान शुभमन गिल, विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल और तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज को टेस्ट सीरीज की तैयारियों के चलते आखिरी दो वनडे मैचों के स्क्वॉड से रिलीज कर दिया गया है।
गिल की गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर पहली बार वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जब अन्य टेस्ट खिलाड़ियों को तैयारी के लिए वक्त दिया गया, तो सिराज को वनडे स्क्वॉड के साथ रोककर बेंच पर क्यों बिठाया गया है।
टी20 सीरीज के शुरुआती चार मैचों की तरह वनडे सीरीज के भी चारों मुकाबलों में टॉस का सिक्का भारत के पक्ष में गिरा। टॉस जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, "जब हमने कल पिच देखी थी तो इस पर थोड़ी घास थी, लेकिन आज यह काफी सूखी नजर आ रही है।
शाम को पड़ने वाली ओस को ध्यान में रखते हुए हमने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पिछले मैचों की गलतियों से सीखते हुए हम बचे हुए दोनों मुकाबलों को नॉकआउट मैच की तरह खेलेंगे। ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़ और कुलदीप यादव को इस मैच में मौका दिया गया है।
भारत की प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, नमन धीर, अक्षर पटेल, आकिब नबी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, मैथ्यू फिशर।