CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में गुलवीर सिंह का ऐतिहासिक कारनामा, 5000 मीटर में कांस्य जीतकर रचा नया इतिहास
Gulveer Singh Bronze: ग्लौसगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्टार धावक गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। एक ही संस्करण में 2 पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने
- Written By: सृष्टि मौर्य
गुलवीर सिंह (सोर्स- सोशल मीडिया)
Gulveer Singh Historic Bronze Medal 5000m CWG 2026: भारत के स्टार धावक गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है। उन्होंने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले वह इसी प्रतियोगिता में 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक भी जीत चुके हैं। इसके साथ ही गुलवीर एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में 5000 और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।
रोमांचक मुकाबले में जीता पदक
ग्लास्गो में शनिवार रात खेले गए 5000 मीटर फाइनल में गुलवीर सिंह ने 13 मिनट 24.95 सेकंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने केन्या के कॉर्नेलियस केम्बोई को बेहद रोमांचक मुकाबले में महज 0.04 सेकंड से पीछे छोड़कर तीसरा स्थान हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने 13 मिनट 24.70 सेकंड के साथ रजत पदक जीता, जबकि केन्या के मैथ्यू किपसांग ने 13 मिनट 23.61 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
History isn’t found. It’s earned. 🫡 From a brilliant silver in the 10,000m to a gritty bronze in the 5,000m, Gulveer Singh completes a landmark distance double and etches his name into Commonwealth Games history. 🥈🥉 Watch the Commonwealth Games Glasgow 2026, LIVE &… pic.twitter.com/s6nTXo2NOc — Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) August 1, 2026
सम्बंधित ख़बरें
IIT की तैयारी छोड़ थामे बॉक्सिंग ग्लव्स, चोटों से जंग जीतकर कोटा की अरुंधति ने रचा इतिहास, CWG में जीता गोल्ड
भारतीय बेटियों के मुक्के से बरस रहा सोना, प्रीति के बाद प्रिया ने भी मारा गोल्डन पंच, बॉक्सिंग से आए चार गोल्ड
CWG 2026: बचपन की शरारतों ने बनाया बॉक्सर, साक्षी चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में रचा इतिहास, जीता गोल्ड मेडल
CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का जलवा, F57 फाइनल में गोल्ड और सिल्वर दोनों अपने नाम
लगातार बेहतर होता गया प्रदर्शन
गुलवीर सिंह पिछले कुछ वर्षों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। साल 2023 में उन्होंने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। इसी वर्ष एशियाई खेलों में 10,000 मीटर स्पर्धा में भी वह पदक जीतने में सफल रहे।
2025 में बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
इसके बाद 2025 उनके करियर का सबसे यादगार साल साबित हुआ। दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 5000 और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। इसी साल उन्होंने 3 मिनट 55.63 सेकंड का समय निकालकर एक मील की दौड़ चार मिनट से कम समय में पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट बनने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं, 59 मिनट 42 सेकंड में हाफ मैराथन पूरी कर वह एक घंटे से कम समय में यह दूरी तय करने वाले भी पहले भारतीय बने।
भारत के लिए रहा शानदार दिन
गुलवीर सिंह के ऐतिहासिक कांस्य पदक ने भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का दिन और भी खास बना दिया। इससे पहले भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही संस्करण में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया और सात स्वर्ण तथा तीन रजत पदक जीते।
जूडो और पैरा एथलेटिक्स में भी सफलता
शनिवार को पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा ने पुरुषों की एफ57 शॉट पुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में एक और बड़ी सफलता डाली। वहीं जूडो में उन्नति शर्मा ने महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग में दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोस्टर को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें- IIT की तैयारी छोड़ थामे बॉक्सिंग ग्लव्स, चोटों से जंग जीतकर कोटा की अरुंधति ने रचा इतिहास, CWG में जीता गोल्ड
पदक तालिका में चौथे स्थान पर भारत
भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के दम पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय एथलीटों ने अब तक कुल 39 पदक जीते हैं, जिनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं।
