फ्लेवियो कोबोली (फोटो- IANS) 
खेल

French Open 2026: पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचे फ्लेवियो कोबोली, फेलिक्स ऑगर को हराया

Flavio Cobolli in Semifinal: फ्लेवियो कोबोली ने फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ उन्होंने इटैलियन टेनिस इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।

संजय सिंह बिष्ट

Flavio Cobolli in 2026 French Open Semifinal: फ्रेंच ओपन 2026 में इटली के 24 वर्षीय युवा खिलाड़ी फ्लेवियो कोबोली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। कोबोली ने फ्रेंच ओपन के पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में कनाडा के फेलिक्स को हराकर खुद को सेमीफाइनल में काबिज करवाया। उन्होंने मुकाबले में कनाडाई खिलाड़ी को 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर आखिरी चार में जगह बना ली है।

खराब शुरुआत के बाद की शानदार वापसी

मैच की शुरुआत कोबोली के लिए अच्छी नहीं रही। उन्होंने पहला सेट 4-6 से गंवा दिया। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार तीन सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह जीत उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है, क्योंकि वह पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।

मेरी जिंदगी का सबसे बेहतरीन सप्ताह- फ्लेवियो कोबोली

मैच के बाद कोबोली ने कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे बेहतरीन सप्ताह रहा है। उन्होंने बताया कि पहले सेट में तेज हवा के कारण खेलना काफी मुश्किल था। बाद में कोर्ट की छत बंद होने के बाद परिस्थितियां बदल गईं और उन्हें अपना खेल बेहतर तरीके से खेलने का मौका मिला। कोबोली ने कहा कि उन्होंने खुद से कहा कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा मौका हो सकता है, इसलिए उन्हें पूरी ताकत से लड़ना होगा। कोबोली पूरे मैच के दौरान काफी आत्मविश्वास में नजर आए। उनके फोरहैंड शॉट्स और कोर्ट पर तेज मूवमेंट ने ऑगर-अलियासिमे को लगातार दबाव में रखा। महत्वपूर्ण अंकों पर भी उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया और यही उनकी जीत की बड़ी वजह बनी।

10वें नंबर के खिलाड़ी बने

इस जीत का असर विश्व रैंकिंग पर भी पड़ा है। टूर्नामेंट की शुरुआत में वह दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी थे, लेकिन अब लाइव रैंकिंग में 10वें स्थान तक पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। अब अगर बाकी परिणाम उनके पक्ष में रहते हैं, तो वह पहली बार आधिकारिक तौर पर टॉप-10 खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं।

सेमीफाइनल में कोबोली का मुकाबला अपने ही देश के खिलाड़ी से होगा। माटेओ बेरेटिनी और माटेओ अर्नाल्डी के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले का विजेता कोबोली से सेमीफाइनल में भिड़ेगा। यह महज तीसरा मौका होगा, जब इटली के दो खिलाड़ी किसी मेजर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हिस्सा लेंगे। इससे पहले 1960 में फ्रेंच ओपन में निकोला पिएट्रांगेली और ऑरलैंडो सिरोला सेमीफाइनल में पहुंचे थे, तो पिछले साल जैनिक सिनर और लोरेंजो मुसेट्टी ने साथ में सेमीफाइनल का टिकट कटाया था।

कोबोली की जीत के साथ एक और बड़ा रिकॉर्ड भी बना है। यह पहली बार है जब किसी पुरुष ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में ऑल-इटैलियन सेमीफाइनल सुनिश्चित हुआ है। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि इस बार पुरुष वर्ग के फाइनल में इटली का एक खिलाड़ी हिस्सा लेगा। इटली लंबे समय से फ्रेंच ओपन पुरुष खिताब का इंतजार कर रहा है। आखिरी बार 1976 में एड्रियानो पनाटा ने रोलां गैरोस का खिताब जीता था।

कोबोली ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने से अब महज दो जीत दूर हैं। सेमीफाइनल से पहले कोबोली ने कहा कि वह अपनी सामान्य दिनचर्या ही अपनाएंगे, दोस्तों के साथ डिनर करेंगे और आराम करेंगे। उन्होंने अपने साथी इटैलियन खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी शानदार होगा। एजेसी इनपुट के साथ

यह खरगे की नहीं, राहुल की भाषा है, मल्लिकार्जुन के बयान पर संबित पात्रा का पलटवार, BJP-कांग्रेस में छिड़ी बहस

PM मोदी ने 'डियर फ्रेंड' लूला को ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर दी बधाई, बोले- और मजबूत होंगे रिश्ते

जामिया छात्र संघ चुनाव पर छात्रों का अल्टीमेटम, कॉलेज प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप, सामने रखीं 4 मांगें

राहुल गांधी के काफिले में हादसे की जांच के लिए SIT गठित, IG किरण एस. को मिली कमान

संजय राउत ने अमित शाह को लिखा पत्र, मनोज जरांगे-एकनाथ शिंदे 500 करोड़ डील विवाद पर ED जांच की मांग