इंजरी टाइम का हाईवोल्टेज ड्रामा, क्रोएशिया को हराकर अंतिम 16 में पहुंचा पुर्तगाल, रोनाल्डो ने किया कमाल
Fifa World Cup 2026: पुर्तगाल और स्पेन ने अपने-अपने मैच जीतकर राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। इंजरी टाइम के महाड्रॉमा और रोनाल्डो के गोल के दम पर पुर्तगाल जीता, अब 7 जुलाई को स्पेन से महामुकाबला होगा।
- Written By: सृष्टि मौर्य
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (सोर्स - सोशल मीडिया)
Fifa World Cup 2026: राउंड ऑफ 32 में फुटबॉल प्रेमियों को रोमांच का डबल डोज देखने को मिला। टोरंटो के स्टेडियम में खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से धूल चटा दी। इस शानदार जीत के साथ ही पुर्तगाल ने राउंड ऑफ 16 यानी अंतिम 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। मैच में दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जलवा भी देखने को मिला।
दूसरी तरफ, स्पेन की टीम ने भी जबरदस्त खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रिया को 3-0 के बड़े अंतर से हरा दिया। साल 2010 में विश्व कप जीतने के बाद यह पहली बार है जब स्पेन ने वर्ल्ड कप के इतिहास में कोई नॉक-आउट मुकाबला जीता है। अब राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल और स्पेन की टीमें 7 जुलाई को आमने-सामने होंगी।
आखिरी मिनटों में पलटा मैच का पासा
पुर्तगाल और क्रोएशिया के बीच खेला गया यह मुकाबला आसान नहीं था। पहले हाफ तक दोनों ही टीमें एक भी गोल नहीं कर पाई थीं। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही मैच पलट गया, जब 53वें मिनट में क्रोएशिया के पेरिसिच ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद पुर्तगाल ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी।
सम्बंधित ख़बरें
पाकिस्तान के प्रमुख कोच का बड़ा बयान: भारत सिर्फ सर्वश्रेष्ठ टीम ही नहीं, बल्कि…
फुटबॉल में पहली बार महासंग्राम: आमने-सामने होंगे 41 साल के रोनाल्डो और 40 के लुका मोड्रिक
FIFA 2026: मेक्सिको की जीत की खुशी गम में तब्दील, जश्न के दौरान 3 लोगों की मौत, हजारों की भीड़ में हुआ हादसा
खिलाड़ियों को भारतीय रेलवे की बड़ी सौगात, अब ट्रेनों में आसानी से ले जा सकेंगे भारी खेल उपकरण
मैच के 64वें मिनट में पुर्तगाल को एक पेनल्टी मिली, जिसे उनके स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बिना कोई गलती किए गोल में बदल दिया और स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। खेल के 81वें मिनट में रोनाल्डो की जगह रुबेन नेवेस मैदान पर आए। असली रोमांच तो 90 मिनट का खेल खत्म होने के बाद शुरू हुआ।
इंजरी टाइम में VAR का बड़ा ड्रामा
90 मिनट का खेल पूरा होने के बाद रेफरी ने 10 मिनट का इंजरी टाइम दिया, जो खींचकर 18 मिनट तक चला गया। इसी दौरान 94वें मिनट में राफेल लियाओ के एक बेहतरीन क्रॉस पर रामोस ने शानदार हेडर लगाकर गेंद को सीधे नेट में डाल दिया और पुर्तगाल को 2-1 से आगे कर दिया।
इसके बाद क्रोएशिया ने भी पलटवार किया और 115वें मिनट में गोल दागकर जश्न मनाना शुरू कर दिया। लेकिन पुर्तगाल ने ऑफ-साइड की अपील की। जब वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) से जांच की गई, तो पाया गया कि क्रोएशियाई खिलाड़ी ऑफ-साइड था। रेफरी ने तुरंत गोल को रद्द कर दिया और पुर्तगाल ने मैच 2-1 से जीत लिया।
ये भी पढ़ें :- पाकिस्तान के प्रमुख कोच का बड़ा बयान: भारत सिर्फ सर्वश्रेष्ठ टीम ही नहीं, बल्कि…
स्पेन ने एकतरफा मुकाबले में ऑस्ट्रिया को रौंदा
एक अन्य मैच में स्पेन की टीम ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ एकतरफा खेल दिखाया और 3-0 से मैच अपने नाम कर लिया। स्पेन के लिए इस मैच के असली हीरो मिकेल ओयार्सबल रहे, जिन्होंने खेल के 36वें और फिर 89वें मिनट में दो शानदार गोल दागे। उनके अलावा पेद्रो पोरो ने 66वें मिनट में टीम के लिए एक गोल किया।
अब फुटबॉल फैंस को जिस महामुकाबले का इंतजार है, वह 7 जुलाई की देर रात को खेला जाएगा। राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल और स्पेन की ये दो मजबूत टीमें भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे आपस में टकराएंगी। इस मैच को लेकर अभी से फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर है।
