ZIM vs SL: जिम्बाब्वे की बड़ी जीत, श्रीलंका को 6 विकेट से चटाई धूल, ग्रुप टॉपर बनकर सुपर-8 में पहुंची टीम
Zimbabwe vs Sri Lanka: जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम पर श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
ZIM vs SL, T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 में पहुंचने वाली सभी टीमों का फैसला हो चुका है। इसी बीच ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मैच खेला गया। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर सुपर-8 से पहले जोरदार संदेश दिया।
श्रीलंका ने बनाए 178 रन
मेजबान श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। टीम की ओर से पथुम निसांका ने 62 रन की सधी हुई पारी खेली। वहीं पवन रत्नायके ने 44 रन बनाकर मध्यक्रम में तेजी दिखाई। जिम्बाब्वे की गेंदबाजी की बात करें तो ब्लेसिंग मुजरबानी, ब्रैड इवांस और ग्रेमी क्रीमर ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की रनगति पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की।
बेनेट और मारुमानी की मजबूत शुरुआत
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 69 रनों की अहम साझेदारी हुई। मारुमानी 34 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन टीम को मजबूत आधार दे गए। इसके बाद बेनेट ने पारी को संभाले रखा। रयान बर्ल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े। जिम्बाब्वे ने अपना दूसरा विकेट 98 रन पर गंवाया, लेकिन रनगति बनी रही।
सम्बंधित ख़बरें
वेस्टइंडीज को रौंदकर 8वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, फाइनल खेलने पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
T20 WC IND W vs AUS W: कोच शेली निट्स्के को उम्मीद, भारत के खिलाफ मैच के लिए फिट हो सकती हैं फोएबे लिचफील्ड
चमारी अट्टापट्टू ने T20 World Cup में रचा अनोखा इतिहास, ऐतिहासिक शतक ठोक पहली बार कर दिया ये बड़ा कारनामा
Women’s T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ जारी, पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 113 रनों से रौंदा
सिकंदर रजा ने पक्की की जीत
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान सिकंदर रजा ने ब्रायन बेनेट का बेहतरीन साथ निभाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह जिम्बाब्वे के पक्ष में झुका दिया। सिकंदर रजा ने 26 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेली। वहीं ब्रायन बेनेट ने 48 गेंदों में नाबाद 63 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। जिम्बाब्वे ने लक्ष्य हासिल करते हुए 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
ये भी पढ़ें: ‘बुमराह से बेहतर वरुण चक्रवर्ती, वो आधुनिक युग के घातक गेंदबाज’, पूर्व भारतीय खिलाड़ी का ये बयान हो रहा वायरल
सुपर-8 में भारत दौरा
अब जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 मुकाबलों के लिए भारत आएगी। उसका पहला मैच 23 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। इसके बाद 26 फरवरी को चेन्नई में भारत से और 1 मार्च को दिल्ली में साउथ अफ्रीका से भिड़ंत होगी। सुपर-8 चरण में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
