

Will E-Cricket Become An Official Olympic Sport? ई-क्रिकेट को लेकर एक बड़ी उम्मीद सामने आई है। जेटसिंथेसिस के राजन नवानी का मानना है कि भविष्य में ई-क्रिकेट ओलंपिक का हिस्सा बन सकता है, लेकिन इसके लिए सबसे पहले इस खेल को भारत और दक्षिण एशिया से बाहर बड़े स्तर पर पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी दूसरे देशों में इंटरनेशनल टीमें और ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
राजन नवानी ने कहा कि ओलंपिक में ई-स्पोर्ट्स को जगह मिलने की स्थिति में किसी गेम का सिर्फ एक देश या क्षेत्र तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं होगा। उनके मुताबिक, रियल क्रिकेट को अगर ओलंपिक तक पहुंचाना है तो इसे दूसरे देशों में भी लोकप्रिय बनाना होगा और वहां ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना होगा जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
नवानी ने कहा कि रियल क्रिकेट अभी मुख्य रूप से भारतीय क्षेत्र में लोकप्रिय है, हालांकि गेम के डाउनलोड दुनिया के कई हिस्सों में हैं। अब चुनौती डाउनलोड को वास्तविक प्रतिस्पर्धी खेल में बदलने की है। उन्होंने कहा कि कई देशों में ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी तैयार करने होंगे और इसके लिए उनकी कंपनी ने क्राफटन के साथ साझेदारी की है। क्राफटन भारत के लोकप्रिय गेम BGMI के पीछे की कंपनी है।
उन्होंने आगे कहा कि GEPL में आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय टीमों को शामिल किया जाएगा। उनका मानना है कि इससे रियल क्रिकेट को एक वैश्विक प्रतिस्पर्धी गेम बनाने में मदद मिलेगी और यही रास्ता भविष्य में इसे ओलंपिक तक ले जा सकता है। नवानी ने माना कि इसमें समय लग सकता है, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि देर से ही सही, ई-क्रिकेट के लिए ये बड़ा मौका साबित हो सकता है।
ओलंपिक में ई-स्पोर्ट्स को शामिल करने की चर्चा नई नहीं है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने 2023 में ओलंपिक ई-स्पोर्ट्स गेम्स बनाने की योजना की घोषणा की थी। 2025 में IOC ने सऊदी अरब के ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप के साथ भी साझेदारी की दिशा में कदम बढ़ाया था, लेकिन अक्टूबर 2025 में ये साझेदारी खत्म हो गई। इसके बाद IOC ने कहा था कि वो ओलंपिक ई-स्पोर्ट्स गेम्स के लिए नए तरीके और नए साझेदार मॉडल पर काम करेगा।
वहीं क्रिकेट की बात करें तो ये खेल 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 100 से ज्यादा साल बाद वापसी करने जा रहा है। ऐसे में ई-क्रिकेट के लिए भी ओलंपिक का दरवाजा भविष्य में खुल सकता है, लेकिन इसके लिए वैश्विक स्तर पर मजबूत आधार तैयार करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
इस बीच GEPL सीजन 3 के फाइनल में चेन्नई फाल्कन्स ने मुंबई ग्रिजलीज को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। मुंबई की टीम सारा तेंदुलकर के स्वामित्व में थी। फाइनल के निर्णायक मुकाबले में चेन्नई ने दो विकेट से जीत दर्ज की। दिल्ली शार्क्स तीसरे और बेंगलुरु बैजर्स चौथे स्थान पर रहे।
मुंबई के जेठा राम 488 रन के साथ टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्हें MVP चुना गया। उन्होंने गेंद से भी 14 विकेट लिए। चेन्नई के नदीम ने 19 विकेट के साथ पर्पल कैप जीती, जबकि फाल्कन्स के बल्लेबाज दीपक को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।