हिकारू नाकामुरा ने क्यों फेंका गुकेश का किंग, क्या थी असली कहानी? अब सामने आया पूरा सच

USA vs India Texas: टेक्सास में हुई चेकमेट प्रतियोगिता में हिकारू नाकामुरा ने भारत के डी गुकेश को हराने के बाद विवाद खड़ा कर दिया। जीत के बाद उन्होंने गुकेश का किंग उठाकर दर्शकों की ओर फेंक दिया।
हिकारू नाकामुरा ने क्यों फेंका गुकेश का किंग? सामने आई चौंकाने वाली वजह
हिकारू नाकामुरा और डी गुकेश (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

D Gukesh king Throw: अमेरिका के टेक्सास के एर्लिंगटन में आयोजित पहली चेकमेट: USA vs India शतरंज प्रतियोगिता में मेजबान टीम ने भारतीय टीम को 5-0 से मात देकर एकतरफा जीत दर्ज की। इस इवेंट में दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। निर्णायक क्षणों में अमेरिका ने बढ़त बनाए रखी और भारतीय खिलाड़ियों को कोई मौका नहीं दिया।

अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामुरा ने वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को हराकर शुरुआत की, जबकि फाबियानो करुआना ने अर्जुन एरिगेसी को पराजित किया। इसके अलावा इंटरनेशनल मास्टर कारिसा यिप ने ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख को हराया और बड़ा उलटफेर किया। लेवी रोजमैन ने सागर शाह को मात दी और टेनी एडेवुमी ने ईथन वैज को हराते हुए अमेरिका को शानदार 5-0 की जीत दिलाई।

नाकामुरा ने क्यों फैंका डी गुकेश का किंग?

इस इवेंट के दौरान एक विवादित घटना ने भी सुर्खियां बटोरी। डी गुकेश को हराने के बाद नाकामुरा ने उनका किंग उठाकर दर्शकों की ओर फेंक दिया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के रूप में देखा गया। शतरंज प्रेमियों ने इसे असम्मानजनक बताया और रूस के पूर्व विश्व चैम्पियन व्लादिमीर क्रैमनिक ने इसे मॉडर्न शतरंज की गरिमा को नुकसान पहुंचाने वाला कदम करार दिया।

आयोजकों का था प्लॉन

हालांकि बाद में यह खुलासा हुआ कि यह हरकत आयोजकों द्वारा तय स्क्रिप्ट का हिस्सा थी। चेस स्पेशलिस्ट लेवी रोजमैन ने अपने यूट्यूब वीडियो में बताया कि बिना संदर्भ के इसे असभ्य लग सकता है, लेकिन वास्तव में यह एक शो के हिस्से के रूप में किया गया था। नाकामुरा ने भी बाद में गुकेश से बात कर समझाया कि इसमें किसी तरह की बेअदबी का उद्देश्य नहीं था।

नाकामुरा ने अपने यूट्यूब चैनल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनके करियर का एक बेहतरीन लाइव अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि शतरंज अक्सर एक अकेला खेल होता है, लेकिन इस इवेंट में खिलाड़ियों और दर्शकों ने मिलकर जश्न मनाया। यहां तक कि भारतीय खिलाड़ी हार के बावजूद इस अनुभव का आनंद ले रहे थे। नाकामुरा ने इस आयोजन को उनके लिए यादगार बताते हुए कहा कि ऐसे इवेंट शतरंज को और मनोरंजक बनाने में मदद करते हैं और खिलाड़ियों के बीच सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं।

इस प्रतियोगिता ने दर्शकों और खिलाड़ियों दोनों को एक नया अनुभव दिया, जिसमें प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ मनोरंजन का भी पूरा ध्यान रखा गया। अमेरिका की टीम की जीत भले ही निर्णायक रही, लेकिन इवेंट का सबसे बड़ा विजेता शतरंज का उत्साह और खेल की लोकप्रियता रही।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com