T20 World Cup 2026: रदरफोर्ड की तूफानी पारी, वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड के सामने रखा 197 रनों का लक्ष्य
T20 World Cup 2026: वानखेड़े में वेस्टइंडीज ने शुरुआती झटकों के बाद मध्यक्रम की साझेदारियों से 196 रन बनाए। रदरफोर्ड ने नाबाद 76 रन की तूफानी पारी खेली, चेज और होल्डर भी योगदानकर्ता रहे।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
शरफेन रदरफोर्ड (फोटो-सोशल मीडिया)
England vs West Indies, 15th Match: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी को हो चुकी है। इस वर्ल्ड कप का 15वां मुकाबला इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच में खेला जा रहा है। जहां वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। इंग्लैंड को इस मुकाबले को जीतने के लिए 197 रन बनाने होंगे। दोनों टीमें अपना पहला मुकाबला जीत चुकी है। अब दोनों की नजरें लगातार दूसरी जीत पर होगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बावजूद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
वेस्टइंडीज की शुरुआत रही खराब
वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 8 रन के भीतर कप्तान शाई होप (0) और ब्रैंडन किंग (1) के विकेट गंवा दिए। दोनों सलामी बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने से कैरेबियाई टीम दबाव में आ गई थी। ऐसे मुश्किल समय में रोस्टन चेज ने पारी को संभाला। उन्होंने शिमरोन हेटमायर के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 47 रन की अहम साझेदारी कर टीम को स्थिरता दी। हेटमायर ने 12 गेंदों में 23 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 2 चौके शामिल थे। उनके आउट होने के बाद चेज ने शेरफन रदरफोर्ड के साथ 22 रन जोड़े। चेज ने 29 गेंदों पर 34 रन की उपयोगी पारी खेली। हालांकि असली तूफान रदरफोर्ड के बल्ले से देखने को मिला।
सम्बंधित ख़बरें
Nitish Kumar Reddy Injury Update: क्या भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज खेल पाएंगे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी?
वेस्टइंडीज को रौंदकर 8वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, फाइनल खेलने पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
हार के बाद घिरे श्रेयस और कोच गंभीर, बताया ऑरेंज कैप विनर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से क्यों रखा बाहर
भारत ने बांग्लादेश को एकतरफा मुकाबले में दी मात, सेमीफाइनल की उम्मीद बरकरार, अब ऑस्ट्रेलिया से होगा महामुकाबला
रदरफोर्ट की तूफानी पारी
रदरफोर्ड ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए। उनकी इस पारी में 7 गगनचुंबी छक्के और 2 चौके शामिल रहे। उन्होंने रोवमैन पॉवेल के साथ 51 रन और फिर जेसन होल्डर के साथ छठे विकेट के लिए 61 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। होल्डर ने भी 17 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल थे। इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर और सैम करन को एक-एक सफलता मिली। अब इंग्लैंड के सामने 197 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 में आदिल रशीद ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने
इंग्लैंड को बनाना होगा 197 रन
इंग्लैंड की टीम को जीत के लिए 197 रन बनाने होंगे। इंग्लैंड को इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए फिल साल्ट और बटलर से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वहीं बाकी बल्लेबाजों को उनका साथ देना होगा।
