टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए मुंबई पहुंची अमेरिका की क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार क्रिकेट फैंस में जोश और उत्साह का माहौल बना रहा है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी 2026 से 8 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत और श्रीलंका इसका संयुक्त मेजबान हैं। खिलाड़ियों के भारत और श्रीलंका पहुंचने के साथ ही तैयारी शुरू हो गई है और इस दौरान कई खास पल भी देखने को मिल रहे हैं।
हाल ही में अमेरिका (USA) की क्रिकेट टीम भारत पहुंची और उनका स्वागत बड़े ही धूमधाम के साथ किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में खिलाड़ियों का स्वागत भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर किया गया। इस टीम में तीन पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी भी हैं—शायन जहांगीर, अली खान और मोहम्मद मोहसिन। इन खिलाड़ियों का भी तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
USA टीम इस टूर्नामेंट में दूसरी बार हिस्सा ले रही है। पहले डेब्यू सीजन 2024 टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने सुपर 8 तक का सफर तय कर इतिहास रचा था। इस बार टीम में 10 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो पिछले एडिशन का हिस्सा रहे थे। टीम की कमान इस बार भी मोनांक पटेल के हाथ में है, जिन्होंने लंबे समय से टीम की कप्तानी संभाली है।
इस टूर्नामेंट में USA को ग्रुप A में रखा गया है, जहां उनका सामना भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड और नामीबिया से होगा। USA के शेड्यूल में पहले मैच 7 फरवरी को अमेरिका और भारत के बीच मुंबई में खेला जाएगा। इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका-पाकिस्तान, 13 फरवरी को अमेरिका-नीदरलैंड और 15 फरवरी को अमेरिका-नामीबिया के मैच खेले जाएंगे।
USA टीम में इस बार 15 खिलाड़ी शामिल हैं। मोनांक पटेल टीम के कप्तान हैं। इसके अलावा जेसी सिंह, एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर, सैतेजा मुक्कमाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केनजिगे, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवालकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन और शुभम रंजाने को टीम में शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने बनाया रिकॉर्ड, शुभमन गिल को पीछे छोड़ बने नए रन-मशीन
इस बार USA टीम अनुभव और नए खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है। पिछले एडिशन में शानदार प्रदर्शन कर चुके खिलाड़ी इस बार भी टीम के लिए बड़े योगदान देने की उम्मीद रखते हैं। भारत और पाकिस्तान जैसे मजबूत टीमों के खिलाफ उनका सामना रोमांचक होने वाला है। भारतीय दर्शकों के स्वागत के बीच अमेरिका की टीम इस बार भी अपने प्रदर्शन से इतिहास रचने की कोशिश करेगी।