

Team IND Squad Announcement for Australia Tour: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। भारत अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे और पांच टी20 मुकाबले खेलेगा। चयन बैठक अहमदाबाद में हुई, जिसमें शुभमन गिल को टेस्ट के बाद वनडे टीम की भी कमान सौंपी गई। उन्होंने रोहित शर्मा की जगह वनडे कप्तान के रूप में ली है, जबकि श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे स्क्वॉड में स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में शामिल हैं। वहीं, टी20 टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में बनी रहेगी।
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)। इसके साथ ही टीम इंडिया की टी20 स्क्वॉड की घोषणा की गई। टी20 में टीम इंडिया की कमान एशिया कप 2025 विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ही संभालेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ज्यादातर खिलाड़ी एशिया कप 2025 वाली टीम के ही हैं। केवल नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर इस टीम में नए चेहरे के रूप में शामिल होंगे। ये दोनों खिलाड़ी गेंद और बल्ले से अपना दम दिखाने की क्षमता रखते हैं। टीम मैनेजमेंट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए ज्यादातर अलराउंडर खिलाड़ियों को तवज्जो दी है।
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर/बल्लेबाज), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर/बल्लेबाज), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर।
विराट कोहली और रोहित शर्मा अब टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर केवल वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। दोनों आखिरी बार आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में साथ नजर आए थे, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। इस दिग्गज जोड़ी ने वनडे में मिलकर 25 हजार से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 83 शतक शामिल हैं। अब चर्चा इस बात की है कि क्या ये दोनों 2027 वनडे विश्व कप तक खेल पाएंगे। तब रोहित शर्मा की उम्र 40 के पार और विराट कोहली की करीब 39 वर्ष होगी। जहां रोहित की उम्र चिंता का कारण बन सकती है, वहीं कोहली की बेहतरीन फिटनेस यह उम्मीद जगाती है कि वह 2027 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का अहम हिस्सा बने रह सकते हैं।
एशिया कप 2025 जो कि टी20 फॉर्मेट में खेला गया था, लेकिन इसमें धाकड़ बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को टीम में जगह नहीं दी गई थी। उस वक्त फैंस व कई पूर्व खिलाड़ियों ने अय्यर को शामिल न करने पर अपने गुस्से का इजहार किया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में श्रेयस अय्यर ने तगड़ी वापसी की है।
भारतीय मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की टीम में उपकप्तान के रूप में वापसी हुई है। अय्यर ने अपना पिछला वनडे मुकाबला भी विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था। हालांकि, उन्हें टी20 टीम में जगह नहीं मिली है। वनडे करियर में अय्यर अब तक 70 मैचों में 5 शतकों की बदौलत 2845 रन बना चुके हैं। उनका औसत 48.22 और स्ट्राइक रेट 100 के करीब रहा है, जो उनके निरंतर प्रदर्शन को दर्शाता है।