T20 WC 2026 का खिताब जीतने पर बोले सूर्या- खिलाड़ियों पर भरोसा ही जीत की कुंजी, बुमराह को बताया ‘देश की धरोहर’
Suryakumar Yadav Statement: टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत का श्रेय अपनी टीम को दिया। जसप्रीत बुमराह को 'देश की धरोहर' बताया।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद कप्तान सूर्या टीम के खिलाड़ियों के साथ (फोटो- सोशल मीडिया)
Suryakumar Yadav Statement on Indian Cricket Team Player: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बेहद भावुक और खुश नजर आए। जीत के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सूर्या ने इस कामयाबी को एक लंबा सफर बताया, जिसकी नींव 2024 के वर्ल्ड कप के बाद रखी गई थी। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर भरोसा जताकर उन्हें टीम की अगुआई करने का जो मौका दिया गया, वह उनके लिए अविस्मरणीय है। सूर्या ने माना कि पिछले दो वर्षों से टीम ने जो अच्छी क्रिकेटिंग आदतें अपनाई थीं, उसी का परिणाम आज हमें विश्व चैंपियन के रूप में मिला है।
खिलाड़ियों की क्षमता पर अटूट विश्वास
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत के पीछे के सबसे बड़े कारण का खुलासा करते हुए कहा कि एक लीडर के तौर पर यह समझना सबसे जरूरी होता है कि आपके खिलाड़ी क्या करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि मेरी टीम के हर खिलाड़ी में मैच जिताने की अद्भुत क्षमता है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर मुझे शुरू से भरोसा था। वे बेहतरीन खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा यकीन था कि वे फाइनल जैसे बड़े मंच पर कुछ खास जरूर करेंगे।” फाइनल मैच में संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की पारियों ने न केवल कप्तान के भरोसे को सही साबित किया, बल्कि भारत को 255 रनों के विशाल स्कोर तक पहुँचाया।
जसप्रीत बुमराह: टीम इंडिया की अनमोल धरोहर
फाइनल मुकाबले में अपनी घातक गेंदबाजी से न्यूजीलैंड की कमर तोड़ने वाले जसप्रीत बुमराह की तारीफ में कप्तान सूर्या ने कसीदे पढ़े। बुमराह ने 4 ओवरों में मात्र 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। पूरे टूर्नामेंट में 14 विकेट लेने वाले बुमराह के बारे में सूर्या ने कहा, “जसप्रीत बुमराह एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाले खिलाड़ी हैं। मैं उन्हें देश की अनमोल धरोहर कह सकता हूं। उन्हें अपनी जिम्मेदारी का बखूबी पता है और वह अपने काम में दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज हैं।” बुमराह का यह प्रदर्शन उनकी क्लास और अनुभव को दर्शाता है।
सम्बंधित ख़बरें
हार्दिक पांड्या के बदले 2 खिलाड़ी और ₹10 करोड़ का ऑफर, CSK के ये प्लेयर्स को मुंबई इंडियंस में जाएंगे!
ISSF World Cup: चीन में गूंजा भारत का डंका! ईशा सिंह ने जीता गोल्ड, मनु भाकर ने भी बिखेरा जलवा, देखें VIDEO
श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, वाशिंगटन सुंदर बाहर; इन खिलाड़ियों की चोट ने बढ़ाई टेंशन
CWG 2026 Boxing: रिंग में घुसा भारतीय सूरमा और पाकिस्तान का हुआ सूपड़ा साफ! प्रीति मेडल से बस एक जीत दूर
ये भी पढ़ें: ये हैं WC 2026 की रन मशीन, भारत के संजू-ईशान से लेकर साहिबजादा फरहान तक, जानें टॉप 5 बल्लेबाजों का प्रदर्शन
भविष्य को लेकर दिए संकेत
अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदने वाली इस भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाए रखा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ियों ने इसे एक मिशन की तरह लिया और प्रबंधन के दिशा-निर्देशों को पूरी तरह अपनाया। यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि टीम इंडिया की मेहनत, आपसी तालमेल और उस भरोसे की जीत है जो एक कप्तान और उसके खिलाड़ियों के बीच कायम था। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में यह नई भारतीय टीम आने वाले समय में विश्व क्रिकेट पर अपनी और भी गहरी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
