SL vs ENG: रूट का रिकॉर्ड शतक, हैरी ब्रूक की तूफानी पारी; इंग्लैंड ने श्रीलंका के सामने रखा 358 रनों का लक्ष्य
Joe Root and Harry Brook: जो रूट और हैरी ब्रूक के शतकों की बदौलत इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में 3 विकेट पर 357 रन बनाए और निर्णायक मुकाबले में श्रीलंका के सामने बड़ा लक्ष्य रखा।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
जो रूट और हैरी ब्रूक (फोटो-सोशल मीडिया)
Sri Lanka vs England, 3rd ODI at Colombo: श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों टीमें इस सीरीज में 1-1 की बराबरी पर है। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 357 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक और जो रूट ने शतकीय पारी खेली।
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। पहला विकेट बेन डकेट के रूप में 19 और दूसरा विकेट रेहान अहमद के रूप में 40 के स्कोर पर गिरा। दोनों ने क्रमश: 7 और 24 रन बनाए। 40 रन पर दो विकेट गंवाकर संकट में फंसी इंग्लैंड को अनुभवी जो रूट और युवा जैकब बेथल ने संभाला।
रूट और बेथल ने तीसरे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड के लिए बड़े स्कोर की बुनियाद रखी। टीम का स्कोर जब 166 रन था, उस समय जैकब बेथल 65 रन बनाकर आउट हुए। 72 गेंदों की अपनी पारी में बेथल ने 8 चौके लगाए। इसके बाद रूट को हैरी ब्रूक का साथ मिला। ब्रूक ने क्रीज पर आते हीं धुआंधार बल्लेबाजी शुरू की। दोनों बल्लेबाजों ने 18.5 ओवर में 191 रन की साझेदारी करते हुए इंग्लैंड का स्कोर 50 ओवर में 3 विकेट पर 357 रन तक पहुंचा दिया।
सम्बंधित ख़बरें
श्रीलंका के क्रिकेटरों की शर्मनाक हरकत! नहाते हुए महिलाओं का बनाया वीडियो, अंडर-19 के 2 खिलाड़ी गिरफ्तार
श्रीलंका क्रिकेट में बड़ी हलचल, अध्यक्ष सिल्वा समेत भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच पूरे बोर्ड का सामूहिक इस्तीफा
वनडे वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान की बड़ी प्लानिंग, ट्राई सीरीज के जरिए खंगालेगा अपनी ताकत
T20 World Cup 2026 के लिए इंग्लैंड महिला टीम का ऐलान, जानें किसे सौंपी गई टीम की कमान?
हैरी ब्रूक की तूफानी पारी
हैरी ब्रूक 66 गेंद पर 9 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 136 रन बनाकर नाबाद रहे। ब्रूक ने 40 गेंद पर फिफ्टी लगाई और फिर 57 गेंद पर अपना शतक पूरा कर लिया। हैरी ब्रूक के वनडे करियर का यह तीसरा शतक था। साथ ही उनके वनडे करियर की यह अब तक की सबसे बड़ी पारी भी थी।
यह भी पढ़ें: जो रूट ने ODI क्रिकेट में रचा इतिहास, इंग्लैंड के लिए ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बने
वनडे में जो रूट का 20वां शतक
जो रूट 108 गेंद पर 1 छक्का और 9 चौके की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद रहे। रूट के वनडे करियर का यह 20वां शतक था। इस शतक के साथ वो दुनिया के 18वें ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने वनडे में कम से कम 20 शतक बनाए हैं। जो रूट ने 45वें ओवर की दूसरी गेंद पर एक सिंगल लेकर अपना 20वां शतक पूरा किया। इस शतक के लिए रूट ने 100 गेंदों का सामना किया। इस प्रदर्शन के साथ वह वनडे में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
श्रीलंका के गेंदबाज पूरी तरह प्रभावहीन नजर आए। असिथा फर्नांडो ने 9 ओवर में 77 रन दिए। वानिंदु हसरंगा ने 10 ओवर में 76, और जेफ्री वेंडरसे ने 10 ओवर में 76 रन लुटाए। जेनिथ लियांगे सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 ओवर में 7 रन दिए।
