RR vs SRH (Photo- Social Media)
Power Outage during match between SRH vs RR: आईपीएल 2026 का 21वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के दौरान एक अजीब घटना देखने को मिली, जब अचानक स्टेडियम की फ्लडलाइट्स बंद हो गईं और मैदान पर कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया। यह घटना उस वक्त हुई जब ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन बल्लेबाजी कर रहे थे। हालांकि कुछ ही देर में लाइट्स दोबारा चालू हो गईं और मैच फिर से शुरू कर दिया गया।
इस मैच में राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की बल्लेबाजी काफी आक्रामक रही और उन्होंने लगातार रन गति बनाए रखी।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 44 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 40 रन जोड़े, जिसमें 3 छक्के और 1 चौका शामिल रहा।
वहीं नीतीश कुमार रेड्डी ने 28 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि सलिल अरोड़ा 24 रन बनाकर नाबाद रहे। अनिकेत वर्मा 6 रन बनाकर रन आउट हो गए।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोफ्रा आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे और कप्तान रियान पराग को 1-1 विकेट मिला।
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन बेहतरीन फॉर्म में चल रही है। टीम ने अब तक खेले गए चारों मुकाबले जीतकर अपनी मजबूत स्थिति बना ली है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस को हराया है। अब इस मुकाबले में भी टीम जीत दर्ज कर अपनी लगातार जीत के सिलसिले को कायम रखने के इरादे से मैदान पर उतरी है।
ये भी पढ़ें: प्रफुल्ल हिंगे ने डेब्यू मैच में रच दिया इतिहास, सूर्यवंशी समेत 3 प्लेयर्स को ‘डक’ पर आउट कर बनाया ये रिकॉर्ड
RR की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।
SRH की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलील अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल हिंगे, ईशान मलिंगा।