शुभमन गिल (फोटो-सोशल मीडिया)
मुंबई: बीसीसीआई ने टेस्ट क्रिकेट के लिए नए कप्तान का ऐलान कर दिया गया है। शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई है। 25 वर्षीय बल्लेबाज शुभमन गिल भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी संभालने वाले 37वें खिलाड़ी बने हैं। वो रोहित शर्मा की जगह लेंगे, जिन्होंने 7 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
गिल को इंग्लैंड दौरे से पहले टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। भारत का इंग्लैंड दौरा अगले महीने से शुरू होगा। इस दौरे पर भारतीय टीम को पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। जिसकी शुरुआत 20 जून से होगी। इस सीरीज की शुरुआत लीड्स से होगी।
क्रमांक | कप्तान का नाम | कार्यकाल | मैच | जीत | हार | ड्रा |
---|---|---|---|---|---|---|
1 | सी. के. नायडू | 1932-1934 | 4 | – | 3 | 1 |
2 | विजयनगरम के महाराजकुमार | 1936 | 3 | – | 2 | 1 |
3 | इफ्तिखार अली खान पटौदी | 1946 | 3 | – | 1 | 2 |
4 | लाला अमरनाथ | 1947-1952 | 15 | 2 | 6 | 7 |
5 | विजय हजारे | 1951-1953 | 14 | 1 | 5 | 8 |
6 | वीनू मांकड़ | 1955-1959 | 6 | – | 1 | 5 |
7 | गुलाम अहमद | 1955-1959 | 3 | – | 2 | 1 |
8 | पॉली उमरीगर | 1955-1958 | 8 | 2 | 2 | 4 |
9 | हेमू अधिकारी | 1959 | 1 | – | – | 1 |
10 | दत्ता गायकवाड़ | 1959 | 4 | – | 4 | – |
11 | पंकज रॉय | 1959 | 1 | – | 1 | – |
12 | गुलाबराय रामचंद | 1959-1960 | 5 | 1 | 2 | 2 |
13 | नारी कॉन्ट्रैक्टर | 1960-1962 | 12 | 2 | 2 | 8 |
14 | मंसूर अली खान पटौदी | 1962-1975 | 40 | 9 | 19 | 12 |
15 | चंदू बोर्डे | 1967 | 1 | – | 1 | – |
16 | अजीत वाडेकर | 1971-1974 | 16 | 4 | 4 | 8 |
17 | श्रीनिवासराघवन वेंकटराघवन | 1974-1979 | 5 | – | 2 | 3 |
18 | सुनील गावस्कर | 1976-1985 | 47 | 9 | 8 | 30 |
19 | बिशन सिंह बेदी | 1976-1978 | 22 | 6 | 11 | 5 |
20 | गुंडप्पा विश्वनाथ | 1980 | 2 | – | 1 | 1 |
21 | कपिल देव | 1983-1987 | 34 | 4 | 7 | 23 |
22 | दिलीप वेंगसरकर | 1987-1989 | 10 | 2 | 5 | 3 |
23 | रवि शास्त्री | 1988 | 1 | 1 | – | – |
24 | कृष्णमाचारी श्रीकांत | 1989 | 4 | – | – | 4 |
25 | मोहम्मद अज़हरुद्दीन | 1990-1999 | 47 | 14 | 14 | 19 |
26 | सचिन तेंदुलकर | 1996-2000 | 25 | 4 | 9 | 12 |
27 | सौरव गांगुली | 2000-2005 | 49 | 21 | 13 | 15 |
28 | राहुल द्रविड़ | 2003-2007 | 25 | 8 | 6 | 11 |
29 | वीरेंद्र सहवाग | 2005-2012 | 4 | 2 | 1 | 1 |
30 | अनिल कुंबले | 2007-2008 | 14 | 3 | 5 | 6 |
31 | एम. एस. धोनी | 2008-2014 | 60 | 27 | 18 | 15 |
32 | विराट कोहली | 2014-2022 | 68 | 40 | 17 | 11 |
33 | अजिंक्य रहाणे | 2017-2021 | 6 | 4 | – | 2 |
34 | के. एल. राहुल | 2022 | 3 | 2 | 1 | – |
35 | रोहित शर्मा | 2022-2024 | 24 | 12 | 9 | 3 |
36 | जसप्रीत बुमराह | 2022-2025 | 3 | 1 | 2 | – |
37 | शुभमन गिल | 2025– | – | – | – | – |
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले कप्तानी करने वाले खिलाड़ी सीके नायडु थे। उन्होंने कुल 4 मैचों में टीम की कप्तानी की थी, लेकिन एक मुकाबला भी नहीं जीत सके। भारत को लाला अमरनाथ की कप्तानी में पहली जीत मिली थी। उनके नेतृत्व में भारत ने पहले दिल्ली (16-18 अक्टूबर, 1952) में पाकिस्तान को एक पारी और 70 रनों से हराया और फिर मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम (13-16 नवंबर, 1952) में 10 विकेट से हराया।
भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले कप्तान विराट कोहली रहे हैं। उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी 68 मैचों में की है। इस दौरान उन्होंने 40 मुकाबले में जीत दर्ज की है। टेस्ट में मैच जीतने के मामले में कोहली का रिकॉर्ड एमएस धोनी से भी काफी बेहतर रहा। एम एस ने 60 मैचों में कप्तानी करते हुए 27 में ही जीत दर्ज की थी।
भारतीय टेस्ट टीम के 37वें कप्तान शुभमन गिल बन गए हैं। उन्होंने 26 दिसंबर 2020 को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और तब से अब तक उन्होंने कुल 32 मैच खेले हैं, जिसमें पांच शतक और सात अर्धशतकों की मदद से उन्होंने कुल 1893 रन बनाए हैं।
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव