सूर्या का बल्ला चला-सिराज की गेंद ने उगली आग! दोनों ने लिखी ऐसी स्क्रिप्ट कि USA से हारा हुआ मैच जीत गया भारत
T20 World Cup 2026: 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले में भारत ने यूएसए को हराकर शानदार जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में दमदार आगाज किया।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
USA के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने लिए 3 विकेट और सूर्यकुमार यादव ने बनाए 84 रन (फोटो- सोशल मीडिया)
IND vs USA: टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने यूएसए के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 रनों से जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में अपने अभियान की सफल शुरुआत की। मुकाबले में भारत को शुरुआत में मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी ने टीम को जीत दिला दी। इस जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा है।
बल्लेबाजी में लड़खड़ाई शुरुआत
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर गोल्डन डक का शिकार हो गए, जिससे टीम पर शुरुआती दबाव बन गया। इसके बाद ईशान किशन क्रीज पर आए और कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 16 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा ने भी तेज शुरुआत की और 16 गेंदों में 25 रन बनाए, लेकिन वह भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाए।
पावरप्ले खत्म होने तक भारत ने 46 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे और टीम मुश्किल में दिखाई दे रही थी। ऐसे में पूरी जिम्मेदारी कप्तान सूर्यकुमार यादव के कंधों पर आ गई।
सम्बंधित ख़बरें
Nitish Kumar Reddy Injury Update: क्या भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज खेल पाएंगे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी?
IND vs ENG 1st T20: आयरलैंड का जख्म भूल इंग्लैंड पर पलटवार करने उतरेगी टीम इंडिया, वैभव सूर्यवंशी पर नजर
इतिहास में पहली बार भारत ने गंवाई T20 सीरीज, ये 5 बड़ी गलतियां पड़ीं भारी, बेंच पर बैठा रह गया ‘धुरंधर’
IND vs IRE: वर्ल्ड चैम्पियन टीम इंडिया का आयरलैंड में हुआ ‘द एंड’! इतिहास में पहली बार 0-2 से शर्मनाक हार
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी
सूर्यकुमार यादव ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 49 गेंदों में 84 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। सूर्या ने परिस्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करते हुए स्ट्राइक रोटेट की और जरूरत पड़ने पर बड़े शॉट भी लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
यूएसए की ओर से शैडली वैन शाल्कविक ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को काफी परेशान किया और मैच को रोमांचक बनाए रखा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की संघर्षपूर्ण पारी
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए टीम की शुरुआत भी खराब रही। एंड्रीज गौस 9 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि सैतेजा मुक्कमल्ला 7 गेंदों में 2 रन ही बना सके। कप्तान मोनांक पटेल भी बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।
हालांकि मिलिंद कुमार ने कुछ देर तक संघर्ष किया और 34 गेंदों में 34 रन बनाए, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए। संजय कृष्णमूर्ति ने 31 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से यूएसए की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
ये भी पढ़ें: वानखेड़े में टीम इंडिया का विजयी आगाज, T20 World Cup 2026 में जीत के साथ की शुरुआत, USA को 29 रन से दी मात
गेंदबाजों ने दिलाई जीत
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिकी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने भी 2-2 विकेट हासिल किए। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से यूएसए की टीम दबाव में रही और अंततः भारत ने मुकाबला 29 रनों से जीत लिया। भारतीय टीम की यह जीत टूर्नामेंट की मजबूत शुरुआत मानी जा रही है और आगे के मैचों के लिए टीम का मनोबल काफी ऊंचा हो गया है।
