पाकिस्तान में सेफ नहीं खिलाड़ी! स्टार गेंदबाज के घर पर तड़तड़ाती गोलियों की बौछार, बाल-बाल बची जान
Naseem Shah Home Firing Case: पाकिस्तानी गेंदबाज नसीम शाह के खैबर पख्तूनख्वा स्थित घर पर 5 हमलावरों ने की फायरिंग, कार और गेट को नुकसान पहुंचा। नसीम श्रीलंका सीरीज की तैयारी में थे, आरोपी गिरफ्तार।
- Written By: संजय बिष्ट
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह के घर पर हुई फायरिंग (फोटो- सोशल मीडिया)
Firing at Naseem Shah’s House: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नसीम शाह के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने सभी को चौंका दिया है। यह घटना 10 नवंबर को खैबर पख्तूनख्वा के लोअर दीर जिले के मयार इलाके में हुई, जहां नसीम के घर के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने अचानक गोलियां चला दीं। राहत की बात यह रही कि उस समय नसीम शाह घर पर नहीं थे और उनका परिवार भी सुरक्षित रहा। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 5 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
रात में हुई अंधाधुंध फायरिंग
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के दौरान पांच हमलावर हथियारों से लैस होकर नसीम शाह के घर के बाहर पहुंचे और वहां अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां इतनी तेज़ी से चलाई गईं कि घर के मुख्य दरवाजे और खिड़कियों पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। वहीं, घर के बाहर खड़ी कार को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है, उसके शीशे पूरी तरह टूट गए। फायरिंग की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नसीम शाह का परिवार सुरक्षित
सौभाग्य से, घटना के समय नसीम शाह घर पर नहीं थे क्योंकि वह इस वक्त श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारी में व्यस्त हैं। हालांकि, उनका परिवार घर पर मौजूद था, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने बताया कि नसीम शाह का परिवार बहुत शांत स्वभाव का है और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। इसके बावजूद, यह हमला किस वजह से हुआ, इसका पता लगाने की कोशिश जारी है। मायर पुलिस ने अब क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की कोई घटना दोबारा न हो। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि हमलावरों से पूछताछ जारी है और उनके मकसद को जल्द ही उजागर किया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
विराट कोहली का बड़ा कीर्तिमान, 35 साल की उम्र के बाद तीसरी बार किया ये कमाल, सचिन और डु प्लेसिस को छोड़ा पीछे
RCB vs PBKS: कोहली और वेंकटेश अय्यर की अर्धशतकीय पारी, बेंगलुरु ने पंजाब को जीत लिए दिया 223 रन का टारगेट
वैभव सूर्यवंशी की अगले महीने टीम इंडिया में एंट्री पक्की? पूर्व कोच रवि शास्त्री का बयान, कहा- उसे जल्द भारत..
रनों के पहाड़ के चलते प्वाइंट्स टेबल टॉप नहीं कर पाई Gujarat Titans, कोलकाता नाइट राइडर्स ने 29 रन से जीता मैच
ये भी पढ़ें: मेलबर्न रेनेगेड्स ने हासिल की लगातार दूसरी जीत, सिडनी थंडर्स को 4 विकेट से हराया
क्रिकेट में व्यस्त हैं नसीम शाह
इस घटना के दौरान नसीम शाह अपनी नेशनल ड्यूटी पर थे। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 11 नवंबर से रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में हो रही है, जिसमें नसीम को टीम में शामिल किया गया है। टीम मैनेजमेंट ने उन्हें इस घटना की जानकारी दे दी है, लेकिन अच्छी खबर यह है कि अब परिवार पूरी तरह सुरक्षित है। इस फायरिंग की खबर ने पाकिस्तान क्रिकेट फैन्स को झकझोर दिया है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने नसीम शाह के परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं।
