PAK vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद मुश्किल में पाकिस्तान, सेमीफाइनल का रास्ता हुआ कठिन
T20 WC 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 का आगाज न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान मैच से होना था, लेकिन कोलंबो में भारी बारिश के कारण मुकाबला रद्द हुआ, जिससे पाकिस्तान को नुकसान हो सकता है।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
सुपर-8 में पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मुकाबला बारिश के कारण हुआ रद्द (फोटो- सोशल मीडिया)
PAK vs NZ, T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन बारिश ने खेल बिगाड़ दिया। टॉस की प्रक्रिया पूरी हुई और पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला भी किया, मगर उसके तुरंत बाद बारिश तेज हो गई। हालात ऐसे बने कि एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी और आखिरकार अंपायरों को मैच रद्द घोषित करना पड़ा। दोनों टीमों को एक-एक अंक देकर संतोष करना पड़ा।
बारिश से पाकिस्तान को बड़ा झटका
यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए बेहद अहम था। लीग स्टेज में भारत के खिलाफ हार के बाद टीम ने शानदार वापसी की थी और आत्मविश्वास के साथ सुपर-8 में उतरी थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड भी पाकिस्तान के पक्ष में रहा है। टीम के पास मजबूत स्पिन आक्रमण है, जो कोलंबो की पिच पर प्रभावी साबित हो सकता था। ऐसे में यह मैच उनके लिए जीत का बड़ा अवसर माना जा रहा था।
हालांकि बारिश ने सारी योजनाओं पर पानी फेर दिया। अंक बंटने से अंक तालिका की स्थिति जटिल हो गई है। अब पाकिस्तान के सामने चुनौती साफ है कि उसे अपने बचे हुए दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। यदि आगे भी मौसम ने दखल दिया और कोई और मैच धुल गया तो सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो सकती है।
सम्बंधित ख़बरें
FIFA World Cup 2026: फाइनल की दहलीज पर फ्रांस और स्पेन, सेमीफाइनल में होगी दिग्गजों की टक्कर
FIFA 2026: सेमीफाइनल में फिर आमने-सामने होंगे इंग्लैंड और अर्जेंटीना, 24 साल बाद लौटेगी ऐतिहासिक टीमें
इंग्लैंड की धरती पर रोहित शर्मा के धमाकेदार रिकार्ड, देखिए हिटमैन के वनडे मैच में शानदार आंकड़े
IPL 2027 से पहले CSK में बड़ा बदलाव! फ्लेमिंग के बाद अब इन कोचों की भी हो सकती है छुट्टी
अब पाकिस्तान के होगी मुश्किल
सुपर-8 में पाकिस्तान का अगला मुकाबला 24 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यह मैच टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकता है, क्योंकि इंग्लैंड भी मजबूत बल्लेबाजी और ऑलराउंड संतुलन के लिए जानी जाती है। इसके बाद 28 फरवरी को पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा, जो पल्लेकेले में ही खेला जाएगा। मेजबान श्रीलंका की टीम में भी गुणवत्ता वाले स्पिनर मौजूद हैं और घरेलू परिस्थितियों का उन्हें फायदा मिल सकता है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए दोनों मुकाबले आसान नहीं होंगे।
ये भी पढ़ें: हर जगह उस्मान तारिक की चर्चा, क्या है इस पाकिस्तानी गेंदबाज के एक्शन का राज? खुद कर दिया ये बड़ा खुलासा
कप्तान सलमान अली आगा और टीम प्रबंधन अब न सिर्फ रणनीति पर काम करेंगे, बल्कि मौसम साफ रहने की भी उम्मीद करेंगे। सुपर-8 के इस कड़े दौर में हर अंक की अहमियत है और पाकिस्तान को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अब कोई गलती नहीं करनी होगी।
