हर जगह उस्मान तारिक की चर्चा, क्या है इस पाकिस्तानी गेंदबाज के एक्शन का राज? खुद कर दिया ये बड़ा खुलासा

Usman Tariq Bowling Action: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस वक्त पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक की चर्चा हर जगह हो रही है। इसके पीछे का कारण उनकी गेंदबजी करने का एक्शन है
Usman Tariq reveals the secret of his bowling action
उस्मान तारिक (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Usman Tariq on his Bowling Action: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक इन दिनों अपने अनोखे बॉलिंग एक्शन को लेकर चर्चा में हैं। उनका साइड आर्म एक्शन पहले भी कुछ गेंदबाज अपना चुके हैं, लेकिन तारिक की खासियत यह है कि वह गेंद छोड़ने से ठीक पहले अपने हाथ को क्षणभर रोकते हैं। यही विराम उनके एक्शन को अलग पहचान देता है। उनके इस एक्शन को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद उन्हें आईसीसी से दो बार क्लियरेंस भी मिल चुका है।

अनूठा एक्शन बना चर्चा का विषय

उस्मान तारिक का गेंदबाजी अंदाज पारंपरिक स्पिनरों से अलग है। साइड आर्म शैली के साथ हाथ की हल्की रुकावट बल्लेबाजों के लिए टाइमिंग पकड़ना मुश्किल बना देती है। विशेषज्ञों और कमेंटेटर्स ने भी उनके एक्शन पर चर्चा की है। सुपर-8 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के मुकाबले से पहले तारिक ने खुलकर बताया कि यह शैली उन्होंने अचानक नहीं अपनाई, बल्कि यह वर्षों की आदत का नतीजा है। उस्मान तारिक ने कहा कि "मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुझे सभी लेजेंड्स और आप लोगों (कमेंटेटर्स) से इतनी हाइप और तारीफ मिलेगी। मैं सच में हर पल का मजा ले रहा हूं और अपनी परफॉर्मेंस का भी। मैं कुछ और एनर्जी और एक्साइटमेंट लाने का इंतजार कर रहा हूं। सच कहूं तो, छह या सात साल पहले मैं डोमेस्टिक क्रिकेट खेल रहा था। मुझे नहीं लगता कि मैं आज जितना तैयार होता। इसलिए मुझे नहीं पता कि उस समय मेरा रिस्पॉन्स क्या होता।"

टेनिस बॉल क्रिकेट से मिली प्रेरणा

तारिक ने अपने एक्शन की जड़ें टेनिस बॉल क्रिकेट में बताईं। उनके मुताबिक यह स्टाइल बचपन से ही विकसित हुआ। उन्होने बताया कि "हां, यह एक्शन भी शुरू से ही डेवलप हुआ था जब मैं टेनिस बॉल से बॉलिंग करता था। अगर आप स्लो मोशन में मेरा एक्शन देखेंगे, तो आप देखेंगे कि टाइमिंग अभी भी है, लेकिन मैं धीरे-धीरे मूव कर रहा हूं। मैं बस अपने बॉलिंग एक्शन के फ्रैक्शन्स को तोड़ने की कोशिश करता हूं। यह मेरे लिए ऐसे ही काम कर रहा है। यह शुरू से ही है और यह मेरे लिए बहुत अच्छा काम कर रहा है।"

न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला हुआ रद्द

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के मुकाबले से होनी थी, लेकिन कोलंबो में लगातार बारिश ने खेल बिगाड़ दिया। आर प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस तक की प्रक्रिया पूरी हुई, मगर एक भी गेंद डाले बिना मैच रद्द घोषित करना पड़ा। नियमों के अनुसार दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिए गए। ऐसे में सुपर-8 का आगाज रोमांचक टक्कर की बजाय निराशा के साथ हुआ।

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों ने ग्रुप चरण में मजबूत खेल दिखाया था। दोनों टीमों ने अपने-अपने चार मैचों में से तीन-तीन मुकाबले जीते थे और आत्मविश्वास के साथ सुपर-8 में जगह बनाई थी। यही वजह थी कि इस भिड़ंत को लेकर फैंस में खास उत्साह था। टॉस में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने बाजी मारी और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन इसके तुरंत बाद बारिश शुरू हो गई और मुकाबला रद्द करना पड़ा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com