अमेलिया केर और केली नाइट (फोटो-सोशल मीडिया)
New Zealand Women vs South Africa Women, 2nd ODI: न्यूजीलैंड महिला टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच खेले जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया। इसके साथ ही न्यूजीलैंड महिला टीम ने महिला वनडे क्रिकेट का सबसे बड़े टोटल का पीछा किया। न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका महिला टीम को 2 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबरी कर ली है।
बुधवार को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच वेलिंगटन में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लौरा वॉल्वर्ड्ट के 69, एनेके बॉश के 91, और कोले ट्रायन के 25 गेंदों पर बनाए 52 रन की मदद से 6 विकेट पर 346 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड महिला टीम के लिए ब्री इलिंग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। वहीं केली नाइट ने 2 विकेट चटकाए।
न्यूजीलैंड को जीत के लिए इतिहास रचना था, क्योंकि महिला वनडे क्रिकेट में इतना बड़ा लक्ष्य पहले कभी हासिल नहीं हुआ था। न्यूजीलैंड ने कप्तान अमेलिया केर की शतकीय पारी के दम पर इतिहास रचा और 2 विकेट से ऐतिहासिक जीत हासिल की। हालांकि, न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके बाद अमेलिया केर ने इस बड़े लक्ष्य का संभव बनाया और मुकाबले को जीतकर इतिहास रच दिया। अमेलिया को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरी अमेलिया केर 139 गेंद पर 23 चौकों और 1 छक्के की मदद से 179 रन बनाकर नाबाद रहीं। केर के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज इजी गेज ने 48 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली। केर और गेज के बीच 5वें विकेट के लिए 120 रन की अहम साझेदारी हुई।
यह भी पढ़ें: नागा चैतन्य की टीम में शामिल हुआ भारत का यह जांबाज रेसर, अब गोवा की सड़कों पर मचाएगा धूम
मैच में एक समय ऐसा भी था जब न्यूजीलैंड को आखिरी 72 गेंदों में 97 रन की जरूरत थी। टीम के पास 5 विकेट होते हुए भी लक्ष्य पाना मुश्किल था, लेकिन अमेलिया ने छठे विकेट के लिए इजी शार्प (11 रन) के साथ 40 और जेस केर (14 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी कर टीम की जीत को सुनिश्चित किया। न्यूजीलैंड ने 49.4 ओवर में 8 विकेट पर 350 रन बनाकर मैच 2 विकेट से जीता। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने महिला वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया है। इस मामले में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम का रिकॉर्ड तोड़ दिया। साउथ अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने 3 विकेट चटकाए। वहीं मसाबता क्लास ने 2 विकेट अपने नाम किए।