बांग्लादेश दौरे के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान, वनडे और टी20 सीरीज के लिए इन खिलाड़ियों को मिली जगह

New Zealand Squad: न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश दौरे के लिए वनडे और टी20 टीम घोषित की। जिसमें फिशर, ओ’रूर्के और टिकनर की वापसी हुई, जबकि टॉम लाथम टीम की कप्तानी संभालेंगे।
New Zealand Squad Announced for Bangladesh Tour
न्यूजीलैंड टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

New Zealand vs Bangladesh: बांग्लादेश दौरे के लिए न्यूजीलैंड की वनडे और टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है। अप्रैल में होने वाले व्हाइट बॉल सीरीज में कई खिलाड़ियों की वापसी हुई है। बांग्लादेश दौरे के लिए न्यूजीलैंड टीम में तीन तेज गेंदबाज मैट फिशर, विल ओ’रूर्के और ब्लेयर टिकनर की वापसी हुई है, जिससे टीम का गेंदबाजी अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है।

ये तीनों खिलाड़ी चोट के कारण कुछ समय से टीम से बाहर चल रहे थे। विल ओ’रूर्के पीठ की चोट से उबरकर वनडे टीम में लौटे हैं। वहीं, मैट फिशर ने पिंडली की चोट से ठीक होने के बाद टी20 टीम में वापसी की है। ब्लेयर टिकनर टखने की समस्या से पूरी तरह से उबरने के बाद दोनों फॉर्मेट की टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं।

तेज गेंदबाजों की वापसी पर कोच ने क्या कहा?

टीम के हेड कोच रॉब वाल्टर ने तीनों तेज गेंदबाजों की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने वापसी के लिए कड़ी मेहनत की है और उनका टीम में आना बहुत फायदेमंद होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आजकल लगातार क्रिकेट हो रहा है, इसलिए टीम के गेंदबाजी अटैक में गहराई होना बेहद जरूरी है।

डीन फॉक्सक्रॉफ्ट की भी हुई वापसी

ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट की भी टीम में वापसी हुई है, जो अप्रैल 2024 के बाद पहली बार व्हाइट-बॉल टीम में वापस लौटे हैं। 2025-26 के घरेलू सीजन में सेंट्रल स्टैग्स को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह टूर्नामेंट में चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे थे। आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने के कारण मिचेल सैंटनर को टीम में शामिल नहीं किया गया है। सैंटनर की जगह पर टॉम लाथम वनडे और टी20 टीम की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे।

युवा खिलाड़ियों को भी किया गया शामिल

श्रीलंका के खिलाफ न्यूजीलैंड-ए टीम की तरफ से दमदार प्रदर्शन करने वाले कुछ युवा खिलाड़ियों को भी टीम में मौका दिया गया है। इनमें मुहम्मद अब्बास, आदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क और बेन सियर्स शामिल हैं। क्लार्क और जेडन लेनोक्स ने इस साल की शुरुआत में भारत में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीत के दौरान खासा प्रभावित किया था। न्यूजीलैंड टीम 13 अप्रैल को बांग्लादेश के लिए रवाना होगी। टीम दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज से करेगी, जो 17 अप्रैल को खेला जाना है।

न्यूजीलैंड की वनडे टीम

टॉम लाथम (कप्तान), मुहम्मद अब्बास, आदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, डेन क्लीवर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, निक केली, जेडन लेनोक्स, हेनरी निकोल्स, विल ओ'रूर्के, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग।

न्यूजीलैंड की टी20 टीम

टॉम लाथम (कप्तान), केटीन क्लार्क, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, डेन क्लीवर, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, बेवन जैकब्स, निक केली, जेडन लेनोक्स, टिम रॉबिन्सन, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, ईश सोढ़ी, ब्लेयर टिकनर।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com