स्पोर्ट्स डेस्क : न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज डग ब्रेसवेल ड्रग लेते पकड़ा गए। जिसके बाद उन्हें क्रिकेट से एक महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा। डग ब्रेसवेल को इस साल की शुरुआत में जांच में कोकेन के इस्तेमाल के लिए पॉजिटिव पाए गए। जिसके बाद उन्हें क्रिकेट से एक महीने के लिए बैन कर दिया गया। प्रतिबंध का विवरण न्यूजीलैंड ‘स्पोर्ट इंटीग्रिटी कमीशन’ द्वारा पहली बार सार्वजनिक किया गया।
न्यूजीलैंड के लिए 28 टेस्ट खेलने वाले 34 वर्षीय खिलाड़ी को जनवरी माह में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट और वेलिंगटन के बीच घरेलू टी-20 मैच के बाद जांच में पॉजिटिव पाया गया था। इस मैच में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ब्रेसवेल के अच्छे आचारण को देखते हुए तीन महीने का बैन एक महीना कर दिया गया। एक महीना का बैन इस साल के अप्रैल में लागू किया गया था। जिसका मतलब है कि ब्रेसवेल अब क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।
खेल जगत से जुड़ी अन्य ताजा ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आयोग ने कहा, ‘‘हमारी जांच के मुताबिक उसने कोकीन का सेवन प्रतिस्पर्धा से बाहर किया था और इसका खेल से जुड़े उसके प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था।” उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ियों की यह जिम्मेदारी है कि वे सकारात्मक उदाहरण पेश करें। मैदान के अंदर और बाहर किस तरह से रहना है ये उन्हें सीखना होगा। उनकी हरकतें आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रभावित करती है। ऐसे में यह जरूरी है कि वे स्वस्थ, जिम्मेदार विकल्प चुनकर रोल मॉडल के रूप में काम करें।” न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के मुख्य कार्यकारी स्कॉट वेनिंक ने कहा कि ब्रेसवेल ने ऐसा करके खुद को निराश किया है और हम उसके व्यवहार से ‘निराश’ है।
डग ब्रेसवेल ने अपने इंटरनेशनल करियर में न्यूजीलैंड के लिए 28 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 74 विकेट लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 568 रन भी बनाए हैं। 21 वनडे मुकाबले में उनके नाम 26 विकेट और 221 रन है। एकदिवसीय क्रिकेट में वो एक अर्धशतक भी लगा चुके हैं। टी20 में 20 मैचों में 20 विकेट ले चुके हैं।