WPL में पहली बार कप्तानी करती नजर आएंगी जेमिमा रोड्रिग्स, मैदान पर रणनीति को लेकर किया बड़ा खुलासा
Jemimah Rodrigues: दिल्ली कैपिटल्स की नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने बताया कि वह 9 जनवरी से शुरू होने जा रही लीग में अपनी सामान्य सावधानीपूर्वक तैयारी और ऑन-फील्ड सहज ज्ञान पर भरोसा करेंगी।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
जेमिमा रोड्रिग्स (फोटो-सोशल मीडिया)
WPL 2026 Delhi Capitals Captain Jemimah Rodrigues: महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत 9 जनवरी से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम की स्टार खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स पहली बार कप्तानी करेगी। जेमिमा को दिल्ली कैपिटल्स टीम का कप्तान बनाया गया है। जेमिमा ने बताया कि वह 9 जनवरी से शुरू होने जा रही लीग में अपनी सामान्य सावधानीपूर्वक तैयारी और ऑन-फील्ड सहज ज्ञान पर भरोसा करेंगी।
मंगलवार को प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल के जवाब में जेमिमा ने कहा, “मुझे अपनी तैयारी करना पसंद है, चाहे वह वीडियो देखना हो। बल्लेबाजी में, आप उतनी योजना नहीं बना सकते क्योंकि यह गेंदबाज की रणनीति पर निर्भर करता है, लेकिन मैं जानना चाहती हूं कि सभी गेंदबाजों के तरकश में क्या है। क्या उनके पास स्लो बॉल, बाउंसर या यॉर्कर हैं? मुझे उन सभी चीजों का विश्लेषण करना पसंद है और मैदान पर उतरने के बाद बस प्रतिक्रिया देना पसंद है।”
पूरी तैयारी से साथ उतरेगी जेमिमा
जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा, “मुझे तैयारी करना पसंद है। बतौर कप्तान भी ऐसा ही है। मुझे लगता है कि हर खेल के लिए उन विश्लेषणों का होना महत्वपूर्ण है। एक बार जब मैं मैदान पर कदम रखती हूं, तो अपनी सहज प्रवृत्ति को हावी होने देती हूं। मुझे लगता है कि कभी-कभी आपको अपने सहज बोध पर भरोसा करना होता है और जो सही है उसके साथ जाना होता है। आपके फैसले सही हो सकते हैं, या सही नहीं भी हो सकते हैं, लेकिन यह जानना जरूरी है कि मैंने जो किया वह सही इरादे से किया था।”
सम्बंधित ख़बरें
LSG की जर्सी को ऋषभ पंत ने हमेशा के लिए कहा अलविदा, इंस्टाग्राम स्टोरी देख फैंस भी हुए भावुक
‘3 साल तक रखा शाररिक संबंध और शादी का झूठा वादा…’, DC के बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने इन आरोपों पर तोड़ी चुप्पी
IPL का सबसे बड़ा ट्रेड, 27 करोड़ के ऋषभ पंत की 15 करोड़ में घर वापसी, कुलदीप यादव पहुंचे लखनऊ
IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स में बड़ा फेरबदल! युवराज सिंह बन सकते हैं बैटिंग कोच, गांगुली को मिली अहम जिम्मेदारी
जेमिमा का स्वाभाविक अंदाज नहीं बदलेगा
जेमिमा ने यह भी स्पष्ट किया है कि दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनने के बाद भी उनका स्वाभाविक अंदाज और जिंदादिल पर्सनैलिटी नहीं बदलेगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले, मेरी पर्सनैलिटी ज्यादा नहीं बदलेगी, लेकिन अगर आपने ध्यान दिया हो, तो जब भी मैं मैदान पर कदम रखती हूं, मैं अपने जोन में चली जाती हूं, चाहे मैं बैटिंग कर रही हूं या फील्डिंग। भारतीय टीम में, मेरी जिम्मेदारी यह भी सुनिश्चित करना था कि सही फील्डर सही जगह पर और सही एंगल पर हों।
यह भी पढ़ें: WPL 2026 के लिए ऐसी सभी 5 टीमों की पूरी स्क्वाड लिस्ट, देखें किस टीम में किसे मिली जगह
जेमिमा ने कई सालों तक मुंबई की कप्तानी की
मैंने कई सालों तक मुंबई की कप्तानी भी की है। ऐसे में मुझे लगता है कि मेरी कप्तानी ज्यादा शांत स्वभाव की होगी। लेकिन साथ ही, मुझे थोड़ा और आक्रामक तरीके से सोचना पसंद है। यह मेरी व्यक्तित्व का एक हिस्सा है। मुझे नहीं लगता कि मैं अपना व्यक्तित्व या अंदाज बदलूंगी। मैं बस ज्यादा फैसले लेने में थोड़ी और शामिल रहूंगी। भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना से, जेमिमा ने जरूरत के समय पर परफॉर्म करने और बॉलिंग ग्रुप के साथ अच्छी बॉन्डिंग रखना सीखा है।
हर किसी की कप्तानी का स्टाइल अलग
जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा कि एक बात जो मैंने सीखी है वह यह है कि हर किसी की कप्तानी का एक अलग स्टाइल होता है। मुझे लगता है कि मेरी सबसे बड़ी सीख अपना खुद का स्टाइल ढूंढना होगा। लेकिन साथ ही, मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। जैसे हैरी दी (हरमनप्रीत कौर) ज्यादा आक्रामक कप्तान हैं। वह जो कुछ भी हो रहा है उसमें शामिल होना चाहती हैं, और वह आगे बढ़कर लीड करना चाहती हैं, खासकर बड़े स्टेज पर। स्मृति से मैंने शांत रहना सीखा है। वह अपनी प्लानिंग और अपने फैसलों को लेकर बहुत रणनीतिक हैं। वह बहुत स्मार्ट क्रिकेटर हैं। उनके पास प्लान तैयार होते हैं। लेकिन साथ ही, वह बहुत शांत हैं, और वह अपने बॉलर्स को अच्छी तरह समझती हैं।
